लोकसभा का रण: 50 साल से शरद पवार का बोझ उठा रहा महाराष्ट्र, शाह ने पूछा-आज तक क्या किया, यही बता दें

50 साल से शरद पवार का बोझ उठा रहा महाराष्ट्र, शाह ने पूछा-आज तक क्या किया, यही बता दें
  • राजनीतिक वंशवाद की आलोचना कर अमित शाह ने कांग्रेस पर साधा निशाना
  • देश के भविष्य एवं विकास के लिए मोदी को बनाएं पीएम
  • छत्रपति संभाजीनगर में बढ़ीं चुनावी सरगर्मियां

डिजिटल डेस्क, जलगांव। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राज्य के दो दिवसीय दौरे पर हैं। अकोला, जलगांव और छत्रपति संभाजीनगर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से शाह राज्य के युवाओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं। मंगलवार को जलगांव में आयोजित युवा संसद सम्मेलन में शाह ने राजनीतिक वंशवाद की आलोचना की। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि इंडिया आघाड़ी बेहद कमजोर है। यहां राज्य की महाविकास आघाड़ी की 3 पहिया रिक्शा के तो सभी टायर पंचर हैं। वैसे भी ये लोग देश का वकिास करने नहीं, अपने घराने का विकास करने की जुगत भिड़ाते हैं। इन्हें केवल अपने बच्चों को सत्ता में बिठाना है। केंद्रीय राहुल गांधी को 19 बार लांच किया, लेकिन नाकाम रहे। सोनिया गांधी राहुल को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं। उद्धव ठाकरे आदित्य को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं। शरद पवार सुप्रिया सुले को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, तो स्टालिन अपने बेटे को और ममता अपने भतीजे को। तो इनमें से कौन आपके लिए काम कर रहा है? अगर जन सामान्य के लिए कोई है तो वह सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दस साल का हिसाब मांगने वाले शरद पवार की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 50 साल से महाराष्ट्र उनका बोझ ढो रहा है, आज तक उन्होंने क्या किया, यही बता दें।

देश के भविष्य एवं विकास के लिए मोदी को बनाएं पीएम

शाह ने कहा कि शिवराय ने आत्म-बोध पैदा किया। देश आज जहां खड़ा है, उसकी नींव छत्रपति शिवाजी महाराज ने ही रखी थी। हम 2024 के चुनाव के बारे में बात करने आए हैं। इस गफलत में ना रहें कि मतदान मोदी को दोबारा पीएम बनाने के लिए है। यह 2027 तक भारत को विकसित बनाने का मतदान है। आपके भविष्य के लिए मतदान है, यह युवाओं के भविष्य के लिए मतदान है।

देश को सुरक्षा और समृद्धि दी

अमित शाह ने कहा कि सोनिया-मनमोहन सिंह की सरकार में लगातार बम धमाके हो रहे थे। लेकिन, मोदी के नेतृत्व में पाकिस्तान जाकर आतंकवादियों का सफाया किया गया। जब मोदी दूसरी बार प्रधानमंत्री बने तो धारा 370 हटा दी गई। लोगों ने खून की नदियां बहने की आशंकाएं जताईं, पर कहीं कुछ नहीं हुआ। मोदी ने देश को सुरक्षित और समृद्ध बनाने के लिए काम किया। आज मैं यहां मोदी की यही गारंटी देने आया हूं।

छत्रपति संभाजीनगर में बढ़ीं चुनावी सरगर्मियां

उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने छत्रपति संभाजीनगर में अमित शाह से मुलाकात की। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री भागवत कराड़, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले भी मौजूद रहे। करीब 1 घंटे तक चली बैठक में मराठवाड़ा क्षेत्र की लोकसभा सीट संग छत्रपति संभाजीनगर सीट को भी भाजपा के ही चुनाव लड़ने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

शाह का लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र कोर कमेटी सदस्यों को मार्गदर्शन

अकोला, बुलढाणा, वाशिम, अमरावती, वर्धा, चंद्रपुर और यवतमाल लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र की भाजपा कोर कमेटी के छह सौ सदस्यों में ऊर्जा भरने गृह मंत्री अमित अकोला पहुंचे। जहां साढ़े बारह बजे उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ वे शिवनी हवाई अड्‌डे पर पहुंचे थे। इस मौके पर जिले के पालकमंत्री राधाकृष्ण विखे पाटील, प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने उनका स्वागत किया। इस दौरान अमित शाह ने महाराष्ट्र की सभी 48 लोकसभा सीटों पर भाजपा महायुती के उम्मीदवारों को जीताने का संकल्प दिलाया, साथ ही निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा की संगठनात्मक तैयारी का जायजा लिया।

कांग्रेस पर निशाना

पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करते हुए गृह मंत्री शाह ने कहा कि कांग्रेस ने देश में केवल तुष्टिकरण की राजनीति को प्राथमिकता दी है। शाह ने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जन जन तक पहुंचाएं। जिसके आधार पर वोट मांगे जाएंगे।

45 से अधिक सीट जीतेंगे - उपमुख्यमंत्री फडणवीस

उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा महायुती 45 से अधिक सीटों पर विजयश्री प्राप्त करेगी। कार्यकर्ता महायुती धर्म का पालन करें। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राम मंदिर, धारा 370, तीन तलाक पर अहम फैसले लिए गए हैं।

Created On :   5 March 2024 2:58 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story