हड़कंप: दो हमलावरों ने घर में सो रही महिला के गहने लूटे, ससुर को कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट

दो हमलावरों ने घर में सो रही महिला के गहने लूटे, ससुर को कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट
  • दो हमलावरों ने एक घर को निशाना बनाया
  • घर में सो रही महिला के आभूषण छीने
  • बुजुर्ग को उतारा मौत के घाट

डिजिटल डेस्क, छत्रपति संभाजीनगर। जिले की गंगापुर तहसील के शेंदुरवादा में दो हमलावरों ने एक घर को निशाना बनाया। हमलावरों ने घर में सो रही महिला के आभूषण छीन लिए, जिसकी आवाज सुनकर बाहर सो रहे ससुर नारायण पंढरीनाथ निकम उम्र 75 साल बचाने आए। तो बदमाशों ने उनके सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे उनकी मौत हो गई। बहू अन्नपूर्णा उम्र 40 साल भी छीनाझपटी में घायल हो गई। उसके मंगलसूत्र, कान के झुमके सहित 30 हजार रुपए का माल लेकर बदमाश फरार हो गए। घटना शुक्रवार रात की है। शनिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कर परिजन को सौंपा गया। इसी दौरान घटनास्थल का वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने जायजा लिया।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के अनुसार शेंदुरवादा में शुक्रवार रात ससुर नारायण निकम और बहू अन्नपूर्णा खाना खाने के बाद सो गए थे। बहू घर में थी तो ससुर घर के बाहर सो गए। तभी मध्यरात्रि में अचानक बदमाशों ने दरवाजे पर कुल्हाड़ी से वार किया। आवाज सुनकर बहू की नींद खुली, तो दरवाजा खोलने पर दो बदमाश सामने खड़े दिखाई दिए। बहू को धमकाकर उन्होंने उसके कान के झुमके, गले से मंगलसूत्र सहित कुल 30 हजार रुपए आभूषण लूट लिए। बहू की आवाज सुनकर बाहर सो रहे ससुर निकम नींद से जागे और दो बदमाशों को देखा। विरोध करने पर बदमाशों ने निकम के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया और भाग गए।


खून से लथपथ निकम जमीन पर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच कर ससुर निकम को मृत घोषित कर दिया। बहू का उपचार जारी है। इस बारे में वालूज पुलिस थाने में शनिवार शाम दो बदमाशों के खिलाफ हत्या और लूट और डकैती का मामला दर्ज किया। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है। घटना पुलिस थाने से 15 किलोमीटर पर हुई। पीआई राजेंद्र ससाणे ने बताया कि महिला विधवा है। उसका बेटा अपने परिवार के साथ एमआईडीसी शेंद्रा में रहता है। शेंदुरवादा में ससुर व बहू रहते हैं। शनिवार को नारायण का पोस्टमार्टम कर शव परिजन को सौंपा गया।

वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया जायजा

घटना की जानकारी मिलने पर छावनी विभाग के एसीपी महेंद्र देशमुख, अपराध शाखा के पीआई संदीप गुरमे सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारियों ने घटनास्थल पर जाकर जायजा लिया। आस-पड़ोस के नागरिकों से पूछताछ की।

Created On :   28 April 2024 10:11 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story