इंडिया गठबंधन :: नीतीश की नाराजगी के बाद डैमेज कंट्रोल में जुटे खड़गे

नीतीश की नाराजगी के बाद डैमेज कंट्रोल में जुटे खड़गे
गठबंधन की आगामी रणनीति पर बिहार के मुख्यमंत्री से की बात

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नाराजगी के बाद कांग्रेस एक्टिव मोड में आ गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मोर्चा संभालते हुए नीतीश कुमार से विपक्षी गठबंधन की अगली रणनीति पर बात की है। दरअसल इंडिया गठबंधन के सूत्रधार नीतीश कुमार ने गुरूवार को गठबंधन की सुस्त पड़ी गतिविधियों को लेकर कहा था कि अभी गठबंधन का कोई काम नहीं हो रहा है। कांग्रेस विधानसभा चुनावों में व्यस्त है और उसका गठबंधन पर ध्यान नहीं है।

नीतीश की इस तल्ख टिप्पणी के बाद प्रतिक्रिया होनी ही थी। लिहाजा इस दो टूक के बाद शुक्रवार को राजद सुप्रीमों लालू प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर नीतीश से वार्ता की तो देर रात मल्लिकार्जुन खड़गे ने मुख्यमंत्री से फोन पर बात की। जानकारी के मुताबिक दोनों नेताओं के बीच विपक्षी गठबंधन की सुस्त पड़ी रफ्तार को तेज करने पर बातचीत हुई। खड़गे ने नीतीश कुमार को आश्वस्त किया है कि विधानसभा चुनावों के बाद इंडिया गठबंधन की बैठक होगी। संभावना है कि गठबंधन की अगली बैठक दिल्ली में होगी।

मुंबई बैठक के बाद ठप है गठबंधन की गतिविधियां : दरअसल गठबंधन की मुंबई में हुई बैठक के बाद इसकी गतिविधियां तेज होने की उम्मीद थी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जदयू का मानना है कि कर्नाटक में कांग्रेस को मिली जीत के बाद गठबंधन को लेकर उसका रवैया सुस्त हुआ है। पिछले काफी समय से गठबंधन की समन्वय समिति की बैठकें भी नहीं हुई है। लिहाजा नीतीश कुमार को सार्वजनिक रूप से कांग्रेस पर तल्ख टिप्पणी करनी पड़ी।

Created On :   4 Nov 2023 1:43 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story