मॉस्को आतंकी हमला: आईएसआईएस ने ली हमले की जिम्मेदारी, कहा - हमारे लड़ाकों ने ईसाइयों पर हमला किया

आईएसआईएस ने ली हमले की जिम्मेदारी, कहा - हमारे लड़ाकों ने ईसाइयों पर हमला किया
  • मॉस्को के सबसे बड़े कॉन्सर्ट हॉल में हुआ हमला
  • अब तक 70 लोगों की मौत
  • आतंकी संगठन आईएसआईएस ने ली जिम्मेदारी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आतंकी संगठन आईएसएस ने शुक्रवार को रूस की राजधानी मॉस्को में हुए आतंकी हमले की जिम्मेदारी ली है। संगठन की ओर से दावा किया गया है कि उसके लड़ाकों ने ईसाइयों से भरे क्रोकस सिटी हॉल में गोलाबारी और धमाके किये। आईएसएस से जुड़ी न्यूज एजेंसी अमाक की ओर से टेलीग्राम पर जारी किए बयान में बताया गया, "हमारे लड़ाकों ने रूस की राजधानी मॉस्को के बाहरी इलाके में ईसाइयों की बड़ी सभा पर हमला बोला था, जिसमें कई लोग मारे गए, कई जख्मी हुए और उस जगह भारी विनाश भी हुआ।"

अफगानिस्तान में रची गई साजिश

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, गोलाबारी और बम फेंकने के बाद आतंकी सफेद रंग की रेनॉल्ट कार से फरार हो गए थे। वहीं समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस ने अमेरिकी इंटेलिजेंस विभाग के एक अफसर के हवाले से बताया कि हमारी एजेंसियों को पता चला है कि इस हमले की साजिश आईएसआईएस की ओर से अफगानिस्तान में रची जा रही थी।

अब तक 70 की मौत

मॉस्को के क्रोकस सिटी हॉल में हुए आतंकी हमले में अब तक 70 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं 145 लोग घायल हुए हैं जिनमें से कई का अस्पताल में इलाज चल रहा है। स्थानीय मीडिया की खबर के मुताबिक बम धमाकों में हॉल की छत का बड़ा हिस्सा ढह गया। घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं जिसमें क्रोकस सिटी हॉल में अफरा-तफरी का माहौल नजर आ रहा है। लोग यहां वहां भागने की कोशिश कर रहे हैं और जगह-जगह लोगों के शव बिखरे दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा कुछ वीडियो में गोलियों के चलने और लोगों के चीखने की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं।

पीएम मोदी ने जताया दुख

मॉस्को में हुए आतंकी हमले के बाद भारत के पीएम नरेंद्र मोदी ने इस पर दुख जताया। साथ ही इस घड़ी में रूस से साथ खड़ा होने की बात कही। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "हम मॉस्को में हुए जघन्य आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। दुख की इस घड़ी में भारत रूसी संघ की सरकार और लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है।"

Created On :   23 March 2024 3:48 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story