धूम-धाम से मनाया गया प्रदेश का 62वां स्थापना दिवस

62nd foundation day of Madhya Pradesh celebrated in jabalpur
धूम-धाम से मनाया गया प्रदेश का 62वां स्थापना दिवस
धूम-धाम से मनाया गया प्रदेश का 62वां स्थापना दिवस

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। मध्यप्रदेश के 62 वें स्थापना दिवस पर बुधवार को राइट टाउन स्टेडियम में मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के राजस्व तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके साथ ही उमाशंकर गुप्ता ने सीएम शिवराज सिंह के जनता के नाम संदेश को पढ़ा। उमाशंकर गुप्ता ने कार्यक्रम में उपस्थित विशाल जनसमूह को मध्यप्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए निरन्तर कार्य करने का संकल्प भी दिलाया।

समारोह में स्कूली बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विभिन्न स्कूलों के छात्रों ने झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की शौर्यगाथा, आजादी की लड़ाई के संघर्ष का चित्रण, देश भक्ति गीनों व लोक नृत्यों आदि की प्रस्तुति दी। इसके साथ ही छात्रों ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का भी संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने विभिन्न क्षेत्रों में श्रेष्ठ उपलब्धियां हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं और अधिकारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का जौहर दिखाने वाले स्वर्ण पदक विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

समारोह में महापौर डॉ स्वाति गोडबोले, जेडीए अध्यक्ष डॉ विनोद मिश्रा, विधायक अशोक रोहाणी, पूर्व सांसद जयश्री बैनर्जी, कमिश्नर गुलशन बामरा, कलेक्टर महेशचन्द्र चौधरी, पुलिस अधीक्षक शशिकांत शुक्ला, एमआईसी सदस्य कमलेश अग्रवाल, श्रीराम शुक्ला आदि मौजूद थे। 

 
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी सम्मानित

समारोह में राज्य स्तर पर उपलब्धि हासिल करते हुए राजस्व प्रकरणों के निराकरण में अव्वल रहने वाले एसडीएम जबलपुर नम:शिवाय अरजरिया को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही प्राचार्य उपेन्द्र यादव व सहायक शिक्षिका सुनीता मिश्रा को भी सम्मानित किया गया। जिला स्तर पर हासिल उपलब्धियों के लिए 41 शासकीय अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र दिए गए। इनमें तहसीलदार तृप्ति पटेरिया, सहायक ग्रेड-2 सुधीर खरे आदि को सम्मानित किया गया। इसके अलावा उन्नत कृषि को अपना कर सराहनीय उपलब्धियां प्राप्त करने वाले कृषकों को भी सम्मानित किया गया।

Created On :   1 Nov 2017 6:35 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story