ऑटो चालकों का गुंडाराज: लड़कियों से छेड़छाड़, बचाने वाली महिला आरक्षक से भी की हाथापाई

auto drivers teased with two girls in front of platform number-6
ऑटो चालकों का गुंडाराज: लड़कियों से छेड़छाड़, बचाने वाली महिला आरक्षक से भी की हाथापाई
ऑटो चालकों का गुंडाराज: लड़कियों से छेड़छाड़, बचाने वाली महिला आरक्षक से भी की हाथापाई

डिजिटल डेस्क जबलपुर । मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-6 के सामने मंगलवार सुबह दो ऑटो चालक दो लड़कियों के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे। ऑटो चालकों के डर की वजह से लड़कियां प्री-पेड बूथ में बैठी महिला आरक्षक के पास आकर शिकायत करने लगीं। बेखौफ ऑटो चालक प्री-पेड बूथ में घुस आए और महिला आरक्षक के साथ झूमा-झपटी कर दी। इससे महिला आरक्षक की चूडिय़ां टूटकर उसके हाथ में लग गईं। रिपोर्ट पर  आरोपियों के खिलाफ धारा 186, 353, 294, 323 और 34 का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी भालू उर्फ उमेश अहिरवार और जम्मू उर्फ जमुना प्रसाद पाल को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि यातायात थाने में पदस्थ महिला आरक्षक अनुराधा पटेल की सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक प्लेटफार्म क्रमांक-6 के प्री-पेड बूथ पर ड्यूटी थी। सुबह लगभग 10.20 बजे दो ऑटो चालक दो लड़कियों के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे। ऑटो चालकों से बचने के लिए दोनों लड़कियां प्री-पेड बूथ में आकर महिला आरक्षक के पास शिकायत करने लगीं। इसी दौरान दोनों ऑटो चालक प्री-पेड बूथ के अंदर घुस आए। दोनों लड़कियों के साथ गाली-गलौज करने लगे और उनका गला पकडऩे लगे। महिला आरक्षक ने दोनों ऑटो चालकों को बूथ से निकलने के लिए कहा। इतना सुनते ही ऑटो चालक भड़क गए। दोनों महिला आरक्षक के साथ गाली-गलौज करने लगे। महिला आरक्षक ने विरोध किया तो दोनों ने उसके साथ झूमा-झपटी शुरू कर दी। इससे महिला आरक्षक के हाथ की चूडिय़ां टूट गईं और हाथ से खून निकलने लगा। इस घटना के बाद प्री-पेड बूथ पर काफी भीड़ एकत्रित हो गई। लोगों ने बीच-बचाव कर महिला आरक्षक को बचाया। इसके बाद ऑटो चालक भाग निकले।
स्टेशन पर अकेली रहती है महिला आरक्षक
यातायात थाने द्वारा स्टेशन के प्री-पेड बूथ पर एक महिला आरक्षक की ड्यूटी लगाई जाती है। इसकी वजह से ऑटो चालकों पर कंट्रोल नहीं हो पाता है। ऑटो चालक महिला आरक्षकों के साथ आए दिन बदतमीजी करते हैं। उनके हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वह महिला आरक्षकों के साथ सरेआम झूमा-झपटी करने लगे हैं।
भोपाल की घटना से नहीं लिया सबक
पुलिस ने भोपाल में छात्रा के साथ हुई गैंगरेप की घटना से सबक नहीं लिया है। घटना के बाद पुलिस ने दावा किया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। जबलपुर रेलवे स्टेशन पर ऑटो चालकों ने खुलेआम दो लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की। जब बचने के लिए लड़कियां महिला आरक्षक के पास पहुंचीं तो ऑटो चालकों ने उसके साथ भी झूमा-झपटी कर दी। इस घटना ने शहर में पुलिस व्यवस्था की कलाई खोलकर रख दी है।

 

Created On :   9 Nov 2017 8:24 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story