BHU में तनाव बरकरार, पुलिस ने राज बब्बर को गिरफ्तार किया

BHU Police Lathi-Charge Raj Babbar others arrested in Varanasi
BHU में तनाव बरकरार, पुलिस ने राज बब्बर को गिरफ्तार किया
BHU में तनाव बरकरार, पुलिस ने राज बब्बर को गिरफ्तार किया

डिजिटल डेस्क, वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय में विजुअल आर्ट्स फैकल्टी की छात्रा के साथ छेड़छाड़ के बाद शुरू हुआ छात्र आंदोलन अब हिंसक दौर में प्रवेश कर गया है। लंका स्थित मेन गेट पर प्रदर्शन कर रही छात्राओं को जब पुलिस ने बलपूर्वक हटा दिया, तो उन्होंने शनिवार रात उप कुलपति आवास पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों की वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों से झड़प हो गई, जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने लाठी चार्ज कर दिया। लाठी चार्ज में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और मीडियाकर्मी घायल हो गए। 

वीसी लाज पर बड़ी संख्या में एकत्र पुलिस ने छात्रों पर अश्रुगैस के गोले दागे और फायरिंग भी की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रात पौने चार बजे आईजी, कमिश्नर और डीएम ने उप-कुलपति गिरीशचंद्र त्रिपाठी के साथ बैठक की। बिड़ला छात्रावास के सामने धरना दे रहे 16 छात्रों को गिरफ्तार किया गया है। बीएचयू में आयोजित होने वाले सर्वदलीय मार्च में शामिल होने पहुंचे उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर, पीएल पुनिया और पूर्व विधायक अजय राय को पुलिस ने रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया। इस बीच एक हजार छात्र-छात्राओं के खिलाफ लंका थाना प्रभारी ने आंदोलन के दौरान आगजनी, तोड़फोड़ और उपद्रव करने का मामला दर्ज किया है। 

छावनी बना परिसर, छुट्टी घोषित

बवाल तब शुरू हुआ जब पुलिस प्रशासन की टीम बीएचयू के मेन गेट पर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं को हटाने पहुंची। छात्र-छात्राओं के विरोध करने पर पुलिस बलों ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इसके बाद बड़ी संख्या में एकत्र छात्रों ने पुलिस बल पर पथराव किया और अनेक वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। छात्रों ने विश्वविद्यालय गेट के पास स्थित सर सुंदरलाल हास्पिटल में में भी तोड़फोड़ की। जिससे मरीजों को भारी परेशानी हुई। छात्रों के उपद्रव को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने दो अक्टूबर तक के लिए विश्वविद्यालय को बंद कर दिया है।

हॉस्टल में बिजली-पानी की आपूर्ति काट दी गई है। छात्र-छात्राओं से हॉस्टल खाली कराए जा रहे हैं। परिसर में 1500 से अधिक जवानों को तैनात किया गया है। इधर, बीएचयू में छात्रों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच तनाव गहराते देख काशी विद्यापीठ और संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय सहित सभी डिग्री कॉलेजों को दशहरा तक के लिए बंद कर दिया गया है। 
    
मार्च की नहीं मिली अनुमति 

इधर, रविवार सुबह से ही बिड़ला और ब्रोचा छात्रावासों के सामने छात्र शांति मार्च निकाल कर महिला महाविद्यालय तक जाने की अनुमति मांग रहे थे। लेकिन प्रशासन ने मार्च निकालने की अनुमति नहीं दी। विश्वविद्यालय परिसर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस अधिकारियों ने जब देखा कि शाम होते-होते छात्रों की संख्या काफी बढ़ गई है, तो पुलिस ने धरना खत्म कर हॉस्टल में जाने को कहा। इसका छात्रों ने विरोध किया। जिसके बाद पुलिस ने बिड़ला छात्रावास के 16 छात्रों को गिरफ्तार कर लिया।

स्थिति तनावपूर्ण देखते हुए परिसर में पुलिस बल बढ़ा दिया गया है। एक ओर विश्वविद्यालय प्रशासन छुट्टियां घोषित कर हॉस्टल खाली कराने का प्रयास कर रहा है, तो दूसरी ओर छात्रों ने आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है।

योगी ने जांच के आदेश दिए, वार्डन के बयान हुए

इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। इस बीच छात्र आंदोलन के गंभीर हो जाने की खबरों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को मंडलायुक्त नितिन रमेश गोकर्ण को बातचीत के लिए बीएचयू भेजा। उन्होंने महिला महाविद्यालय में तीन वार्डेन से छात्र असंतोष के संबंध में जानकारी ली। गोकर्ण ने उनके बयान दर्ज किये। इससे पहले कमिश्नर और आईजी सुबह ही परिसर का दौरा कर चुके थे।

रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह बीएचयू पहुंचे और उप-कुलपति प्रो. गिरीशचंद त्रिपाठी की मौजूदगी में छात्राओं से बातचीत की। उन्होंने आंदोलित छात्रों को आश्वासन दिया कि दोषी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही परिसर में लड़कियों की सुरक्षा के अतिरिक्त उपाय किए जाएंगे। 

राजनीतिक दलों का मिला समर्थन

छेड़छाड़ के विरोध में शुरू हुए छात्र आंदोलन को अब राजनीतिक दलों का भी समर्थन मिलना शुरू हो गया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर के पहुंचने की सूचना पर प्रशासनिक अमला उन्हें रोकने में लग गया। राज बब्बर जेट एयरवेज के विमान से बाबतपुर हवाई अड्डा पहुंचे तो उन्हें वहीं पर रोकने की कोशिश की गई। इसे लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्कामुक्की हुई।

पुलिस की कोशिशों को नाकाम करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता राज बब्बर और पीएल पुनिया को लेकर बीएचयू की ओर बढ़े। उन्हें शहर में प्रवेश करने के पहले गिलट बाजार में पुलिस बल ने रोक दिया। इसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और छात्रों ने वहीं चक्का जाम कर दिया। कुछ देर बाद कांग्रेस कार्यकर्ता दबाव बनाते हुए राज बब्बर को लेकर बीएचयू की ओर बढ़ गये। मगर, पुलिस ने राज बब्बर को बीएचयू पहुंचने के पहले ही गिरफ्तार कर लिया। सपा और बसपा ने भी छात्रों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की निंदा की है। 

Created On :   24 Sep 2017 4:07 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story