बिहार : बाढ़ में 17 जिलों की 1 करोड़ से ज्यादा जिंदगियां डूबी, 153 की मौत

Bihar: More than 10 million lives buried in 17 districts, 153 deaths
बिहार : बाढ़ में 17 जिलों की 1 करोड़ से ज्यादा जिंदगियां डूबी, 153 की मौत
बिहार : बाढ़ में 17 जिलों की 1 करोड़ से ज्यादा जिंदगियां डूबी, 153 की मौत

डिजिटल डेस्क, बिहार। उत्तरप्रदेश और बिहार समेत पूरे उत्तर भारत के कई हिस्सों में ज्यादा बारिश की वजह से पिछले कई दिनों से इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। कई लोग अपना घर छोड़कर सरकार के लगाए गए राहत कैंपों में या सड़क किनारे अपना गुजर-बसर करने को मजबूर हैं तो वहीं 200 से ज्यादा लोगों को इस बाढ़ ने अपनी चपेट में ले लिया। उत्तर भारत में आई इस बाढ़ से 1 करोड़ से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। ताजा आंकड़ो के मुताबिक बिहार में ही 153 लोग बाढ़ की चपेट में आने से अपनी जान गंवा चुके हैं, तो वहीं उत्तरप्रदेश में भी 40 से ज्यादा लोगों के मरने की खबर है। 

असम में आंकड़ा 49 तक पहुंचा

वहीं पिछले एक हफ्ते से असम में भी जोरदार बारिश हो रहा है, जिससे प्रदेश के 33 में से 25 जिले प्रभावित हैं। बताया जा रहा है कि तेज बारिश और बाढ़ के कारण प्रदेश में अब तक 49 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में 50 लाख लोग बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हैं जबकि गांव के 50 हजार से भी ज्यादा लोगों को गांव से निकालकर राहत कैंपों में ठहराया जा रहा है। असम में बाढ़ की वजह से पिछले दिनों काजीरंगा नेशनल पार्क में भी पानी घुस गया था, जिस कारण जंगली जानवर भी जंगलों से निकलकर सड़क पर आ गए थे तो वहीं कई जानवरों की मौत भी हो गई थी।

बिहार को अब भी मदद का इंतजार

बिहार के डिजास्टर मैनेजमेंट विभाग के विशेष सचिव अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि बाढ़ से बिहार में सबसे ज्यादा मौते अररिया जिले में हुई है। यहां 30 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद पश्चिमी चंपारण में 23 और सीतामढी में 13 मौतें दर्ज की गई है। किशनगंज, पूर्वी चंपारण और सुपौल में 11-11 मौतें, मधुबनी में 8, कटिहार में 7 और पूर्णिया और मधेपुरा में 9-9 लोगों की मौत हुई है। वहीं दरभंगा, गोपालगंज, सहरसा में 4-4 मौतें, खगरिया और श्योहर में 3-3, सारण में 2 और मुजफ्फरपुर में 1 व्यक्ति की मौत हुई है।

अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 28 नेशनल डिजास्टर रिस्पोंस फोर्स टीमें तैनात है। इन टीमों में करीब 1152 लोग 118 बोट के माध्यम से बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। इनके साथ ही आर्मी की 7 टीमों के 2228 जवान, 280 बोट के साथ राहत और बचाव कार्य में लगे हुए हैं। डिजास्टर मैनेजमेंट विभाग के विशेष सचिव ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 1765 सामुदायिक किचन बनाए गए हैं, जो करीब 3.44 लाख लोगों के लिए भोजन उपलब्ध करा रहे हैं।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विनाशकारी बाढ़ की समीक्षा कर अधिकारियों को हर जरूरी कदम उठाने के लिए कहा है। सीएम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में एरोप्लेन के माध्यम से फूड पैकेट गिराने के आदेश भी दिए हैं।

Created On :   18 Aug 2017 6:20 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story