दिल्ली में शराब के खिलाफ मुहिम चला रही महिला को निर्वस्त्र घुमाया

दिल्ली में शराब के खिलाफ मुहिम चला रही महिला को निर्वस्त्र घुमाया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला को अवैध शराब बिक्री के खिलाफ मुहिम चलाने पर सरेराह डेढ़ किलोमीटर तक निर्वस्त्र घुमाया गया। इतना ही नहीं महिला के साथ जमकर मारपीट भी की गई। राजधानी में हुई इस शर्मसार कर देने वाली घटना के बाद दिल्ली महिला आयोग ने डीसीपी को समन भेजा है।

महिला आयोग के साथ मिलकर चला रही थी मुहिम

दरअसल, ये महिला शराब मफियाओं के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में महिला आयोग का साथ दे रही थी। महिला ने नरेला इलाके से 350 पेटी अवैध शराब भी जब्त कराने में महिला आयोग की मदद की थी। बताया जा रहा है कि शराब माफियाओं ने पुलिस के सामने ही इस महिला को जान से मारने की धमकी भी दी थी। आयोग ने पुलिस से महिला को सुरक्षा देने के लिए कहा था।

पीड़ित महिला का कहना है कि ‘’वो मुझे रोड पर मारते रहे, मैं कुछ नहीं बोली, मैंने सिर्फ यही कहा कि मैंने नशे के खिलाफ आवाज उठाई है। नशा बंद होना चाहिए। हमारी कॉलोनी में खुला नशा बिकता है। वो भी पुलिस बूथ के सामने। कोई बोलता नहीं है और मैंने बोला तो उसकी मुझे सजा दी है।’’

पुलिस ने निर्वस्त्र घुमाने के आरोपों को नकारा

वहीं पुलिस ने निर्वस्त्र कर महिला को घुमाने के आरोपों को गलत बताया है। पुलिस का कहना है कि महिला के साथ मारपीट और कपड़े फाड़ने की घटना हुई है, लेकिन उसे निर्वस्त्र नहीं घुमाया गया है। आरोपी और पीड़ित पड़ोस में ही रहने वाले हैं। गंभीर चोट आने के बाद महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

बताते चले कि बुधवार को नरेला पॉकेट 11 में एक महिला पंचायत का आयोजन किया गया था। इस पंचायत में शामिल महिलाओं ने घरों में अवैध शराब बेचे जाने की बात महिला आयोग को बताई थी। इसमे आयोग की अध्यक्ष स्वाति जय हिंद, सदस्य प्रेमिला गुप्ता समेत सारिका चौधरी मौजूद थी।

Created On :   8 Dec 2017 3:42 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story