मंडी में सर्वेयर से परेशान किसान, किया सड़क जाम

Farmers protest in narsinghpur
मंडी में सर्वेयर से परेशान किसान, किया सड़क जाम
मंडी में सर्वेयर से परेशान किसान, किया सड़क जाम

डिजिटल डेस्क, नरसिंहपुर। किसानों को असुविधा से बचाने और समय पर उनकी फसल विक्रय के लिए पंजीयन की व्यवस्था की गई थी। हाल यह है कि करेली में महज एक दिन पंजीयन कार्य हुआ, जिससे सैकड़ों किसान पंजीयन से वंचित रह गए हैं। वहीं दूसरी ओर गोटेगांव में किसानों का पंजीयन तो हुआ है, लेकिन सर्वेयर नहीं होने तथा खरीदी केन्द्र पर व्यवस्थाएं नहीं होने से गोटेगांव जबलपुर रोड पर विरोध जताकर किसानों ने जाम लगा दिया।

आक्रोशित किसानों ने लगाया जाम

तीन दिवसीय अवकाश के बाद कृषि उपज मंडी गोटेगांव में स्थित समर्थन मूल्य खरीदी केन्द्र पर उड़द, मूंग बेचने पहुंचे किसानों की लंबी लाइन लग रही है। मंगलवार को उपज लेकर सैकड़ों की संख्या में मंडी पहुंचे। किसान उस समय भड़क गए, जब केन्द्र पर सर्वेयर की गैर मौजूदगी के चलते उनके माल की खरीदी रुक गई। घंटों इंतजार से परेशान किसान सड़क पर उतर आए तथा उन्होंने जबलपुर-गोटेगांव मार्ग जाम कर दिया। जाम के चलते मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। किसानों का कहना था कि सुबह से दोपहर हो गई, लेकिन सर्वेयर का पता नहीं है।

प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद सर्वेयर को बुलाया गया, इसके बाद माल की तुलाई शुरु हुई। वहीं माल की खरीदी कर रही वृहताकार सोसायटी गोटेगांव के अध्यक्ष मोहन सिंह पटेल ने बताया कि शासन के निर्देश अनुसार 31 जुलाई तक समर्थन मूल्य पर उड़द, मूंग की खरीदी की जानी है। नाफेड के मापदंड के अनुसार उनके अधिकारियों द्वारा जांच के बाद माल की खरीदी की जा रही है तथा उसका तत्काल परिवहन किया जा रहा है। मंडी के शेडों में तिरपाल की व्यवस्था की गई है जिससे माल बारिश के कारण खराब नहीं होगा। समिति ने 20 तौल कांटे लगाए हैं। किसान भाईयों को किसी तरह की परेशानी न हो इसकी भी व्यवस्था की है।

Created On :   11 July 2017 7:28 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story