Google allo लाया आपका हिंदी असिस्टेंट, अब दिल खोलकर बोलें हिंदी

Google Assistant in Allo now understands Hindi: how it works
Google allo लाया आपका हिंदी असिस्टेंट, अब दिल खोलकर बोलें हिंदी
Google allo लाया आपका हिंदी असिस्टेंट, अब दिल खोलकर बोलें हिंदी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। गूगल ने अमेजन के एलेक्सा, ऐप्पल के सिरी और माइक्रोसॉफ्ट के कोर्टाना को टक्कर देने के इरादे से अपनी स्मार्ट सर्विस गूगल असिस्टेंट लॉन्च की। गूगल ने सबसे पहले गूगल असिस्टेंट का गूगल आई/ओ कॉन्फ्रेंस में मई 2016 में  पेश किया था। गूगल असिस्टेंट, गूगल नाउ का ही एक बेहतर वर्जन है और यह गूगल के "ओके गूगल" वॉयस कंट्रोल का विस्तार भी है। गूगल असिस्टेंट गूगल पिक्सल स्मार्टफोन, गूगल होम और गूगल अलो ऐप में उपलब्ध है, लेकिन गूगल अलो ऐप लगभग सभी एंड्रॉयड और आईफोन डिवाइस में काम करता है इसलिए कह सकते हैं कि गूगल असिस्टेंट सभी स्मार्टफोन को सपोर्ट करता है।

गूगल अलो ऐप को सितंबर में लॉन्च किया गया था। गूगल ने सितंबर महीने में आयोजित मेक इन इंडिया इवेंट में साल के अंत तक अलो ऐप में हिंदी असिस्टेंट फीचर देने का वादा किया था। दिसंबर में अलो में गूगल असिस्टेंट के लिए हिंदी सपोर्ट जारी किया गया। गूगल असिस्टेंट में अंग्रेजी के अलावा सपोर्ट करने वाली हिंदी दूसरी भाषा है। गूगल के मुताबिक, भारत में सबसे ज़्यादा अलो ऐप का इस्तेमाल होता है। नए फीचर के आ जाने के बाद अलो में मौजूद गूगल असिस्टेंट हिंदी को समझता है और उसी भाषा में प्रतिक्रिया भी देता है।  नए फीचर  की जानकारी देते हुए गूगल ने यह भी दावा किया कि ऐप टेक्स्ट के अलावा हिंदी में तस्वीरों को भी पहचानेगा।
 

गूगल असिस्टेंट के हिंदी फीचर को एंड्रॉयड व आईओएस दोनों डिवाइस में जारी किया गया है। असिस्टेंट को हिंदी में इस्तेमाल करने के लिए, यूज़र को "टॉक टू मी इन हिंदी" कहना होगा या फिर अपने डिवाइस की लैंग्वेज की सेटिंग को एडजस्ट करना होगा। गूगल अलो में गूगल असिस्टेंट एक सर्च इंजन के तौर पर काम करता है यानी यह आपके हर सवाल का जवाब दे सकता है। आज हम आपको बताएंगे कि गूगल असिस्टेंट में हिंदी सपोर्ट हमें कैसा लगा। हमने अलो ऐप के गूगल असिस्टेंट में हिंदी सपोर्ट का रिव्यू किया है।

सबसे पहले अलो ऐप में गूगल असिस्टेंट में जाएं और बात शुरू करें। मजेदार बात है कि हिंदी में बात करने के दौरान अब जब चाहें तब अंग्रेजी में भी बात कर सकते हैं। अगर आप लिखने से बोर हो गए हैं तो आपको यहां वॉयस टाइपिंग का मजा भी मिल जाएगा। गूगल असिस्टेंट में हिंदी में चैट करने के दौरान हिंदी में जबकि अंग्रेजी में बात करने के दौरान अंग्रेजी में सुझाव मिलता है।

गूगल असिस्टेंट से अगर आप पूछते हैं कि तुम क्या कर सकती हो, तो यह आपको घूमना, मनोरंजन, खेलकूद जैसे कई सारे विकल्प बताएगी। आप इनमें से अपना मनचाहा विकल्प चुन सकते हैं।

गूगल असिस्टेंट में आपको मौसम की जानकारी भी मिल जाएगी। आप चाहें तो मौसम के अपेडट के लिए हर रोज़ का विकल्प चुन सकते हैं। इसके अलावा अगर आपके मन कविता सुनाने का है तो गूगल असिस्टेंट से कहें और हो गई आपकी मुराद पूरी।  

अगर मैं गूगल असिस्टेंट से पूछती हूं कि मैं बहुत बोर हो रही हूं- तो यह असिस्टेंट हिंदी में मजेदार चुटकुला सुनाती है यानी यह आपके दोस्त का रोल भी अदा करेगी। बोरियत दूर करने के कई विकल्प असिस्टेंट सुझाएगी।

आप क्रिकेट के शौकीन हैं तो अब सारे मैच का शेड्यूल आपको असिस्टेंट में बस एक क्लिक पर मिल जाएगा। पूछें, क्रिकेट मैच कब है- और ये लीजिए इंटरनेशनल क्रिकेट शेड्यूल आपके सामने है। अगर आप किसी फ़िल्म के बारे में जानकारी लेना चाहते हैं तो बस उसका नाम लिख दें और आपको उससे जुड़ी जानकारी भी मिल जाएगी।

चाहें तो आप गूगल असिस्टेंट के साथ अपने सुख और दुख भी बांट सकते हैं। जैसे कि अगर आप कहते हैं कि मेरी शादी हो रही है तो यह आपको बधाई देगी। आपसे कहेगी कि आप तो बहुत उत्साहित होंगे।

हमें लगता है कि चाहें आपको किसी चीज की जानकारी हासिल करनी हो या आप बोर हो रहे हों, गूगल असिस्टेंट वाकई आपके असिस्टेंट की भूमिका निभाता है।  गूगल असिस्टेंट का हिंदी सपोर्ट फ़ीचर हमें बेहद रोचक लगा और सबसे ख़ास बात इसके सटीक और मज़ेदार जवाब। जो आपको इसका फैन बना सकते हैं।  इसके अलावा अगर आपको कोई जवाब पसंद आता है तो आप थंब अप जबकि नापसंद होने पर थंब डाउन कर सकते हैं। थंब डाउन होने की स्थिति में असिस्टेंट आपसे पूछेगी कि आपको क्या पसंद नहीं आया और इसे कैसे बेहतर किया जा सकता है। इसके अलावा थंब अप होने की स्थिति में आपका शुक्रिया अदा भी किया जाएगा।

गूगल असिस्टेंट में वॉयस टाइपिंग फ़ीचर भी हमें बेहद पसंद आया। और इसके सटीक हिंदी पहचानने की क्षमता ने हमें ख़ासा आकर्षित किया। गूगल असिस्टेंट निश्चित तौर पर अलो ऐप में सबसे ज्यादा मजे़दार और काम का फ़ीचर है और ख़ासतौर पर हिंदी बोलने और लिखने वाले यूज़र के लिए।

 

Created On :   10 Dec 2017 6:33 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story