'मुझे बीजपी ज्वाइन नहीं करने की सरकार ने दी सजा'

government punished me for not joining the bjp
'मुझे बीजपी ज्वाइन नहीं करने की सरकार ने दी सजा'
'मुझे बीजपी ज्वाइन नहीं करने की सरकार ने दी सजा'

डिजिटल डेस्क  सतना। चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र की मझगवां जनपद पंचायत के अपदस्थ अध्यक्ष ओंकार सिंह ने सोमवार को यहां एक प्रेस कांफ्रेंस में आरोप लगाए कि उन्हें बीजेपी ज्वाइन नहीं करने की सजा मिली है। श्री सिंह ने कहा कि सरकार के इशारे पर अफसरशाही ने उन पर पहले अमानत में खयानत के झूठे आरोप मढ़े और फिर पद से अपदस्थ करते हुए 6 साल के लिए चुनाव से भी बहिष्कृत कर दिया। श्री सिंह ने आरोप लगाए कि हाल ही में भाजपा में आए मंडी डायरेक्टर गजेन्द्र सिंह गुडडू ने 10 अक्टूबर को यहां उन्हें घर पर चाय के बहाने बुलाकर भाजपा के जिला अध्यक्ष नरेन्द्र त्रिपाठी से मीटिंग कराई थी। उन्होंने बताया कि श्री त्रिपाठी ने भोपाल से आए एक संदेश का हवाला देकर भाजपा ज्वाइन करने की पेशकश की थी। बीजेपी के जिलाध्यक्ष ने मजे में रहने का प्रलोभन भी दिया था। ओंकार सिंह ने कहा कि भाजपा में शामिल नहीं होने की उन्हें अंतत: ऐसी अलोकतांत्रिक और विधि विरुद्ध सजा मिली है। प्रेस कांफ्रेंस में राज्य विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भी मौजूद थे।
 शुरु से पड़े थे पीछे  
 अमानत में खयानत के आरोप में अपदस्थ मझगवां जनपद के अध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि ढाई साल के उनके कार्यकाल में भाजपाइयों ने कभी चैन से नहीं रहने दिया। कांग्रेस छोडकऱ भाजपा ज्वाइन करने का प्रेशर था और इंकार करने पर एक से बढ़ एक साजिशें बुनी जाती थीं। कांग्रेस नहीं छोडऩे की जिद से खफा भाजपा सरकार ने अंतत: अफसरशाही का दुरुपयोग करते हुए एक तरफा फरमान सुना दिया। श्री सिंह ने कहा कि उन्हें सुना तक नहीं गया। ओंकार सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा कि वो डरने वाले नहीं हैं और सरकार की साजिशों का डट कर मुकाबला करेंगे।
 हुई थी मुलकात लेकिन आरोपों में दम नहीं - नरेन्द्र त्रिपाठी
उधर, मझगवां जनपद पंचायत के पूर्व अध्यक्ष ओंकार सिंह के आरोपों के जवाब में भाजपा के जिला अध्यक्ष नरेन्द्र त्रिपाठी ने ये तो माना कि ओंकार सिंह से उनकी मुलाकात मंडी डायरेक्टर के घर पर हुई थी। मगर उन्होंने उनके सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि जिस शख्स पर पहले से ही भ्रष्टाचार के भारी आरोप सिद्ध हो चुके हों उस शख्स को हम क्या पार्टी का कोई भी नेता भाजपा में आने की पेशकश कैसे कर सकता है? बीजेपी के जिला अध्यक्ष ने कहा कि गजेन्द्र सिंह गुडडू भाजपा के जिम्मेदार नेता हैं और चुनाव के सिलसिले में उनके साथ मीटिंग स्वाभाविक थी।  जिस दिन ओंकार सिंह से मुलाकात ही हमारे साथ पार्टी के कई और पदाधिकारी भी थे।
किसी भी हद तक जा सकती है भाजपा - अजय सिंह
प्रेस कांफ्रेस में मौजूद राज्य विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने भाजपा सरकार को आड़े हाथ लिया। उन्होंने आरोप लगाए कि भाजपा सरकार हर कीमत पर चुनाव जीतने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चित्रकूट में लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या करने पर उतारु है। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के भोपाल प्रवास का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी में साम,दाम और दंड -भेद की खुली छूट है। पीसीसी में सतना से ओबीसी को प्रतिनिधित्व नहीं मिलने के सवाल से जुड़े जवाब में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जब लक्ष्य बड़ा हो तो कांग्रेस में परस्पर मतभेद मायने नहीं रखते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी हित में प्रण-प्राण लगा देते हैं।

Created On :   17 Oct 2017 11:17 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story