चीनी वस्तुओं का होगा व्यापक विरोध, RSS की समन्वय शाखाएं तैयार

huge protest of will against made in China commodities
चीनी वस्तुओं का होगा व्यापक विरोध, RSS की समन्वय शाखाएं तैयार
चीनी वस्तुओं का होगा व्यापक विरोध, RSS की समन्वय शाखाएं तैयार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। चीन निर्मित वस्तुओं के विरोध में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ  (RSS) दमखम के साथ सामने आ रहा है। संघ ने चीन की वस्तुओं के बहिष्कार का अभियान आरंभ कर दिया है। संघ से जुड़े विविध संगठनों में समन्वय के लिए जल्द ही समन्वय शाखाएं भी शुरू की जाएंगी। प्रयास यही रहेगा कि संघ विचारधारा को मानने वाले संगठनों के विविध मामलों में प्रदर्शन या अभिव्यक्ति में समानता हो।

रविवार को रेशमबाग स्थित स्मृति मंदिर भवन में संघ की समन्वय बैठक में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल के अलावा अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। भाजपा शहर शाखा की कोर कमेटी के सदस्यों को प्रमुखता से आमंत्रित किया गया था। इस दौरान संघ पदाधिकारियों ने सभी संगठनों से चीन के विरोध में सचेत रहने का आह्वान किया। सुबह 11 बजे से आरंभ हुई बैठक 5 सत्र के साथ दोपहर 4 बजे समाप्त हुई। संघ के विदर्भ प्रांत कार्यवाह दीपक तामशेट्टीवार, महानगर संघ चालक राजेश लोया ने प्रमुखता से मार्गदर्शन किया। चीन को लेकर मौजूदा स्थिति पर चर्चा हुई।

संघ पदाधिकारियों का कहना था कि अंतर्राष्ट्रीय व्यापार समझौता के तहत चीन के साथ भारतीय बाजार में लेन-देन को रोका नहीं जा सकता है। सरकार की अपनी मजबूरी हो सकती है, लेकिन चीन का विरोध करने के लिए और भी मार्ग है। त्योहारों के समय चीन की वस्तुओं का बहिष्कार करके उसका विरोध जताया जा सकता है। इसके लिए संघ से जुड़े सभी संगठनों के कार्यकर्ताओं को घर घर जाकर चीन के विरोध में अभियान की जानकारी देना होगा।

विशेषकर महिलाओं से चीन की वस्तुओं के बहिष्कार का आह्वान करना है। धार्मिक या सार्वजनिक स्थानों पर भी चीन विरोधी अभियान की जानकारी अधिक से अधिक देना होगा। संघ के सहायोगी संगठनों को रक्तदान कार्यक्रम बढ़ाने को कहा गया है। सामाजिक सरोकार के संकल्प के साथ सभी संगठनों से कहा गया है कि रक्तदान कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रभक्ति का भाव जगाया जा सकता है।

Created On :   7 Aug 2017 12:32 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story