शरद बोले- बनेगा दूसरा महागठबंधन, पार्टी बोली - जाएगी राज्यसभा की सदस्यता

Mamata Banerjee  Sharad Yadav  Akhilesh Kumar to attend Lalu Prasad Yadav’s massive RJD rally on Sunday
शरद बोले- बनेगा दूसरा महागठबंधन, पार्टी बोली - जाएगी राज्यसभा की सदस्यता
शरद बोले- बनेगा दूसरा महागठबंधन, पार्टी बोली - जाएगी राज्यसभा की सदस्यता

डिजिटल डेस्क, पटना। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की "BJP भगाओ, देश बचाओ" रैली में रविवार को भारी भीड़ इकट्ठठी हुई। इस मौके पर JD(U) के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव ने कहा कि देशभर में BJP और NDA को अगले लोकसभा चुनावों में हराने के लिए एक दूसरा बड़ा महागठबंधन बनाया जाएगा। आवाज बुंलद करते हुए शरद ने कहा, "हिंदुस्तान भर में गठबंधन बनेगा अब"। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र जुमलों से नहीं, सच्ची बोली से चलती है। नीतीश कुमार ने भले ही बिहार में महागठबंधन से नाता तोड़ लिया, लेकिन अब देश में महागठबंधन बनेगा।

इस बीच, JD(U) महासचिव केसी त्यागी ने कहा है कि शरद यादव ने लालू की रैली में शामिल होकर अपनी सदस्यता के लिए समस्या खड़ी कर ली है। त्यागी ने कहा, "उन्हें बता दिया गया था कि इसे पार्टी विरोधी गतिविधि के रूप में देखा जाएगा और इसका मतलब होगा कि वह खुद ही पार्टी छोड़ चुके हैं। 10वीं अनुसूची के मुताबिक, ऐसा करने की वजह से वह राज्यसभा की सदस्यता भी खो देंगे।" 

  • रैली को लेकर JDU ने कहा कि लालू प्रसाद को रैली में मंच से अपनी संपत्ति का भी खुलासा करना चाहिए। RJD दस्तावेजों के जरिए जनता को बताए कि उसने इतनी संपत्ति कहां से अर्जित की। JDU के नीरज कुमार ने कहा कि, RJD की यह ‘अवैध संपत्ति बचाओ’ रैली है।
  • JDU प्रवक्ता ने लालू प्रसाद के पास 10 हजार करोड़ की बेनामी संपत्ति का आरोप लगाते हुए कहा कि भूमिहीनों के बीच जमीन का पर्चा बांटें। रैली में आने वालों को ऐसा प्रशिक्षण दें कि आम-अवाम भी आपके बेटे तेजस्वी यादव की तरह ही 26 साल में हजारों करोड़ का मालिक बन जाए।

अब तो परछाई भी बागी हो गई

RJD द्वारा पटना के गांधी मैदान में आयोजित "BJP भगाओ-देश बचाओ" रैली में आए हजारों लोगों को संबोधित करते हुए शरद ने कहा कि आज देश की हालत बहुत खराब है, इसे बदलना है। उन्होंने कहा है कि काफी लोगों ने उन्हें यहां आने से मना कर दिया था लेकिन आज फिर भी वह यहां पर आए हैं। 70 साल की आजादी के बाद 440 लोग पानी में डूबकर मरे हैं। उन्होंने सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा है कि वक्त आज ऐसा आ गया है कि हमारी छाया भी हमसे बगावत कर सकती है।

नीतीश ने ठगा : तेजस्वी

इस बीच तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी और नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। तेजस्वी ने कहा कि नीतीश 28 साल के नौजवान से डर गए। नीतीश ने अपने सभी सगे लोगों को धोखा दिया है। उन्होंने हर खास को ठगने का काम किया है। उन्होंने जॉर्ज फर्नांडिस, शरद यादव, महागठबंधन के लोगों को धोखा देने का काम किया। सृजन घोटाले पर तेजस्वी ने कहा कि इसमें BJP और जेडीयू के लोग शामिल है। महागठबंधन तोड़ने पर तेजस्वी ने कहा कि तेजस्वी तो बहाना था, उन्हें तो BJP के साथ जाना था। तेजस्वी ने कहा कि महागठबंधन टूटा नहीं है। असली JDU हमारे अभिभावक शरद यादव का है। उनको डराया गया कि आप रैली में नहीं जाएंगे। नीतीश जी मेरे चाचा हैं और रहेंगे लेकिन वो अच्छे चाचा नहीं है।

मोदी पर हमला करते हुए तेजस्वी ने कहा, "यह हर हर मोदी नहीं, बर्बर मोदी और गड़बड़ मोदी हैं।" उन्होंने BJP को सलाह दी कि पार्टी नीतीश से हलफनामा लिखवा ले कि वह बाद में दोबारा से पलटी नहीं मारेंगे। तेजस्वी ने कहा, "नीतीश हे राम से जय श्रीराम हो गए। गांधी की विचारधारा की बात करते हुए गांधी के नाम को कलंकित किया। गांधी के हत्यारों के सामने घुटने टेकने का काम किया।" तेजस्वी ने आरोप लगाया कि नीतीश ने मोदी और केंद्र सरकार की मदद से उनकी मां, पिता, जीजा और बहनों को झूठे मामलों में फंसाया।

  • पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी भी इस रैली में शामिल हुईं। इसके अलावा CPI के डी. राजा और डीएमके के टी.के.एस इलानगोवान ने भी रैली में हिस्सा लिया।
  • इस रैली में बसपा सुप्रीमो मायावती नहीं आईं। मायावती को लालू ने रैली में शामिल होने का न्योता भी दिया था। इसपर बसपा सुप्रीमो कहना है कि गठबंधन का बनना और टूटना सीटों के बंटवारे पर निर्भर होता है। कई बार सीटों के बंटवारे को लेकर भी गठबंधन टूट जाता है। इसलिए सीटों के बंटवारे से पहले वह कोई भी मंच साझा नहीं करेंगी।
  • राज्यभर से RJD के तमाम समर्थक पटना पहुंचे। बिहार के 20 जिलों में भयंकर बाढ़ आई हुई है। इसके बावजूद भी इन प्रभावित जिलों से RJD के ज्यादा समर्थक पटना के गांधी मैदान में पहुंचे।

Created On :   27 Aug 2017 2:52 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story