सिक्किम मसले पर अब हमारा संयम जवाब दे रहा है : चीन

Our patience is now responding to the Sikkim issue: China
सिक्किम मसले पर अब हमारा संयम जवाब दे रहा है : चीन
सिक्किम मसले पर अब हमारा संयम जवाब दे रहा है : चीन

डिजिटल डेस्क, बीजिंग। सिक्किम सेक्टर में चल रहे सैन्य गतिरोध पर चीन ने शुक्रवार को एक बार फिर भारत को धमकी दी है। चीन ने कहा है कि अब तक उसने इस मामले का हल निकालने के लिए पड़ोसी देश के सम्मान को ठेस ना पहुंचाने वाले कदम उठाए हैं लेकिन अब उनका यह संयम जवाब दे रहा है। चीन ने कहा है कि अब सद्भाव और संयम निचले स्तर पर पहुंच गए हैं।

चीन के विदेश मंत्रालय की ओर से यह बयान सुषमा स्वराज के द्वारा गुरुवार को संसद में दिए गए उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने दोनों देशों के सम्बंधों को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने के लिए सीमा पर शांति की जरूरत बताया था। चीनी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता रेन गुओकिआंग ने एक बयान में कहा कि "भारतीय पक्ष ने सीमा क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए उचित तरीके से स्थिति को सुलझाने के लिए कहा। मैं उन्हें यह कहना चाहूंगा कि इस घटना के बाद से चीन ने अत्यंत सद्भावना दिखाई है और इस घटना को हल करने के लिए राजनयिक चैनलों के माध्यम से भारत के साथ संवाद करने की कोशिशें की हैं। चीनी सशस्त्र बलों ने भी द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को ध्यान में रखते हुए उच्च स्तर का संयम दिखाया है। "

रेन ने आगे कहा, "चीन का संयम अब जवाब दे रहा है। भारत को इसे समझना होगा।" उन्होंने कहा, "किसी भी देश को चीनी सेना की क्षमता पर संदेह नहीं करना चाहिए। चीन की सेना राष्ट्रीय संप्रभुता की रक्षा करने में समर्थ है।" इस बीच, चीन के सरकारी ग्लोबल टाइम्स की वेबसाइट पर एक संपादकीय में लिखा गया है, "पिछले महीने पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) ने इस समस्या को निपटाने के लिए कुछ कदम बढ़ाए हैं। हम मानते हैं कि पीएलए ने सैन्य टकराव के लिए पर्याप्त तैयारी कर ली है।"

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने पिछले महीने डोकलाम इलाके में एक महीने से लंबे समय तक गतिरोध के बारे में भारत की स्थिति स्पष्ट कर दी थी। उन्होंने कहा था कि दोनों पक्षों को शांति वार्ता के लिए अपनी-अपनी सेना सीमा से पीछे हटानी चाहिए। गौरतलब है कि चीनी सैनिकों द्वारा भारत से लगी भूटान सीमा में रोड का निर्माण शुरु किया गया था, जिसे भारतीय सैनिकों ने रोक दिया था। इसके बाद से ही सिक्किम सेक्टर में तनाव फैला हुआ है।

Created On :   4 Aug 2017 5:41 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story