जापान : एक्जिट पोल में शिंजो आबे के सत्तारूढ़ गठबंधन को बहुमत

Shinzo Abe’s ruling bloc on track for big win in Japan election
जापान : एक्जिट पोल में शिंजो आबे के सत्तारूढ़ गठबंधन को बहुमत
जापान : एक्जिट पोल में शिंजो आबे के सत्तारूढ़ गठबंधन को बहुमत

डिजिटल डेस्क, टोक्यो। इकनामिक फ्रंट पर अच्छे प्रदर्शन और नार्थ कोरिया से तनावपूर्ण संबंधों के बीच संतुलित परिस्थितियां बनाए रखने के लिए जापानी पीएम शिंजो आबे के नेतृत्व में लोगों ने भरोसा जताया है। जापानी मीडिया के एक्जिट पोल के अनुसार रविवार को हुए चुनाव में पीएम शिंजो आबे के सत्तारूढ़ गठबंधन को भारी जीत मिलेगी। एक्जिट पोल में बताया गया है कि मजबूत अर्थव्यवस्था, उत्तर कोरिया से तनावपर्ण संबंधों के बीच अमेरिकी सहयोग से संतुलन कायम करने के प्रयासों का जापानी जनता पर अच्छा असर पड़ा है। इसकी वजह से तूफान और भारी वर्षा के बीच बड़ी संख्या में लोग मतदान के लिए निकले और शिंजो आबे के सपोर्ट में वोटिंग की।

 

एक टेलीविजन द्वारा किए गए एक्जिट पोल में आबे के लिबरल डेमोक्रेटिक फ्रंट के नेतृत्व वाले गठबंधन को 465 सीटों वाले निचले सदन में 311 सीटों के साथ दो तिहाई सीटें मिलने का अनुमान व्यवक्त किया गया है। जबकि, कुछ दूसरे ब्राडकास्टर्स ने सत्तारूढ़ गठबंधन को दो तिहाई बहुमत की सीमारेखा से कुछ कम बहुमत मिलने का अनुमान जताया है। इस जीत के साथ ही दिसम्बर 2012 में सत्ता पर काबिज हुए शिजो आबे का एलडीपी लीडर के रूप में तीसरी बार तीन सालों के लिए पीएम बनने का रास्ता साफ हो जाएगा। इसके साथ ही वह जापान में सबसे अधिक समय तक प्रधानमंत्री रहने वाली राजनीतिक हस्ती बन जाएंगे। 

 

आबेनामिक्स जारी रहने की संभावना
शिंजो आबे के सत्ता में आने की संभावना से यह तय हो गया है कि उनकी आबेनामिक्स ग्रोथ स्ट्रैटजी और इजी मॉनीटरी पॉलिसी आगे भी जारी रहने वाली है। आबे द्वारा संविधान में बदलाव के प्रयासों को लेकर जापान में लोग दो भागों में बंटे हैं। एलडीपी के सहयोगी दल संविधान में बदलाव को आशंका से देख रहे हैं, लेकिन लगता है कि शिंजो आबे अपने प्रयासों में सफल हो जाएंगे। स्थानीय मीडिया का अनुमान है कि एलडीपी और संविधान में सुधार की समर्थक विपक्षी दलों के सहयोग से इस मुद्दे पर दो तिहाई बहुमत मिल जाएगा। आबे ने लोगों से अपील की है कि उन्हें उत्तर कोरिया की मिसाइल और परमाणु चुनौतियों से निपटने के लिए नए जनादेश की जरूरत है। 

 

तूफान व वर्षा के बीच हुआ मतदान 
भारी तूफान और वर्षा के बीच आज बड़ी संख्या में लोग मतदान केंद्रों पर पहुंचे। इस बीच मौसम विभाग ने जापान में तूफान के पहुंचने की चेतावनी जारी करते हुए बताया कि आज चलने वाली तेज हवाएं 400 किलोमीटर से भी तेज गति से चल रही हैं। तेज हवा और भारी वर्षा के बीच देश के अनेक हिस्सों में भूस्खल के समाचार हैं। गड़बड़ मौसम के बीच अनेक मतदान केंद्रों पर विलंब से मतदान शुरू हुआ, क्योंकि वहां मतदान दल के सदस्य समय पर नहीं पहुंच सके। भारी तूफान और वर्षा में लोगों को मतदान केंद्रों तक पहुंचने में बड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ा। खबरों में बताया गया है कि विपरीत परिस्थिति के बावजूद बड़ी संख्या में लोग मतदान के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचे। एक सरकारी अफसर ने बताया कि हालांकि मतदान का औसत सामान्य दिनों जैसा नहीं रहा।  
 

Created On :   22 Oct 2017 1:38 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story