GST भवन का मामला : काटने थे सूखे पेड़, काट दिए हरे-भरे पेड़

The bites were dry trees and chopped green
GST भवन का मामला : काटने थे सूखे पेड़, काट दिए हरे-भरे पेड़
GST भवन का मामला : काटने थे सूखे पेड़, काट दिए हरे-भरे पेड़

डिजिटल डेस्कर, नागपुर। सरकार पूरे राज्य में वन महोत्सव मना रही है। जगह-जगह पौधारोपण कर पयार्वरण संरक्षण की कसमें खायी जा रहीं हैं तो वहीं दूसरी ओर हरे-भरे पेड़ों को काटकर जमींदोज किया जा रहा है। हालांकि पेड़ों को काटने को लेकर नया नियम बनाया गया है। इसके तहत 25 से कम पेड़ों की कटाई की अनुमति देने का निगम आयुक्त को अधिकार है। इसी अधिकार के तहत, अब तक शहर में सैकड़ों पेड़ों को गिराया जा चुका है। पेड़ कटाई के इन मामलों में एक मामला सामने आया है, जिसमें एक ठेकेदार पर GST भवन, सिविल लाइंस में सागौन के 8 हरे-भरे पेड़ काटने का आरोप है।

मनपा नागपुर के उद्यान विभाग ने यहां केवल सूखे पेड़ों को काटने की अनुमति दी थी। पेड़ कट जाने के बाद इसी विभाग ने अब जांच के आदेश दिए हैं लगभग 6 माह पूर्व GST भवन प्रबंधन द्वारा परिसर में मौजूद सागौन के पेड़ों को जानमाल के लिए खतरनाक बताते हुए, इन्हें काटने की अनुमति मांगी थी। बताया जाता है कि इस परिसर में  पेड़ अधिकारी की कार के ऊपर गिर गया था, जिससे कार काे भारी नुकसान पहुंचा था। इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परिसर में मौजूद लंबे-लंबे सागौन के पेड़ काटने की अनुमति मनपा नागपुर के उद्यान विभाग से मांगी गई। उद्यान विभाग ने मौके का मुआयना कर सूखे पेड़ों को काटने की अनुमति दे दी। पेड़ों को काटने के लिए एक ठेकेदार को ठेका दिया गया। इस ठेकेदार ने 8 पेड़ों की कटाई का मेहनताना 36 हजार रुपए मांगा। ठेकेदार की इस निविदा को मंजूरी दे दी गई।

रविवार की दोपहर ठेकेदार के मजदूरों ने कार्यालय परिसर में मौजूद 8 पेड़ों को काट दिया, इनमें से कुछ पेड़ हरे-भरे थे। ठेकेदार ने यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया कि निशान लगाये हुए पेड़ों को ही काटा गया है। जबकि इस परिसर में एक सूखा पेड़ अब भी मौजूद है तथा काटे गए हरे-भरे पेड़ों  के ठूंठ गवाही दे रहे कि न तो वे सूखे थे और न ही उनके गिरने का खतरा था। इस स्थिति में पेड़ों के काटे जाने पर नागपुर मनपा की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लगा रहा है।

मामले की जांच कर रहे हैं

हमने घटनास्थल का दौरा कर, काटे गए पेड़ों  की जांच की है। उद्यान विभाग द्वारा GST भवन में सागौन के 8 पेड़ों को काटने की अनुमति दी थी। उन्हीं पेड़ों को काटा गया है जिन्हें काटने की अनुमति दी गई थी। यह सही नहीं है कि काटे गए पेड़ हरे- भरे थे, फिर भी हम मामले की जांच कर रहे हैं। काटे गए पेड़ों की लकड़ियां देखकर यही लगता है कि सूखे पेड़ ही काटे गए। 

अमोल चोरपगारे, निरीक्षक, उद्यान विभाग, मनपा नागपुर
 

Created On :   29 July 2017 2:37 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story