इस दिवाली घर आंगन में बनाएं रंगोली ये ट्रेंडी डिजाइन्स

try some new trendy designs of rangoli on this Diwali occasion
इस दिवाली घर आंगन में बनाएं रंगोली ये ट्रेंडी डिजाइन्स
इस दिवाली घर आंगन में बनाएं रंगोली ये ट्रेंडी डिजाइन्स

डिजिटल डेस्क,भोपाल। दिवाली उत्सव इस हफ्ते गुरुवार को पूरे देश मे हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस मौके पर पूरा देश दीपों से आलोकित होगा, लेकिन दीपों की रोशनी में रंगों का बहुत महत्व है। दुनिया में शायद ही ऐसी वस्तु है, जो हमें रंगों से भी ज्यादा खुशहाली प्रदान करती है। ये रंग ही हैं जो इन त्यौहारों में जान डालते हैं। हवन, पूजा, सामाजिक कार्यक्रम, सांस्कृतिक आयोजन में या किसी भी प्रकार के मंगल कार्य में रंगाली का बहुत महत्व है और अगर बात की जाए दीपों के पर्व दिवाली की तो रंगोली के बिना इस त्यौहार की कल्पना भी नहीं की जा सकती। रंगोली का हमारे सभ्यता में बड़ा ही महत्वपूर्ण स्थान है। भारतीय संस्कृति में सभी शुभ कामों में रंगोली बनाई जाती है। 

 

रंगोली बनाने की परंपरा बहुत ही पुरानी है। दिवाली में तो खास तौर पर रंगोली बनाने की परंपरा है। रंगोली को सुख समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। समय के साथ-साथ रंगोली बनाने के तरीकों में भी बदलाव आया है, लेकिन इसे लेकर उत्साह और बढ़ गया है। यही कारण है कि‍ पारंपरिक रंगोली का नयापन भी मन को मोहता है। आइए जानते हैं कि कितने प्रकार की रंगोली बनाई जाती है और आप भी इन्हें दिवाली पर ट्राय कर सकते हैं।  

 

लकड़ी के बुरादे की रंगोली- लकड़ी के रंगे हुए बुरादे से बनी रंगोली सबसे ज्यादा खूबसूरत और आकर्षक लगती है। आप चाहें तो बाजार से रंगा हुआ बुरादा ले आएं या फिर घर पर ही रंग लें।

 

अनाज से बनी रंगोली- अनाज से बनी रंगोली सुंदर तो दिखती ही है साथ ही इसे बनाना भी आसान होता है। इसे बनाने के लिए आप घर में रखे चावल, दाल, आटे आदि का प्रयोग कर सकते हैं। बाद में इन अनाजों को जानवरों को डाला जा सकता है। 

 

 

दीपों की रंगोली - घर के बरामदे या बड़े आंगन में कई दीपों और फूलों की पंखुड़ियों को सजाकर बनाई गई यह रंगोली जगमगाती हुई बेहद आकर्षक लगती है। खास तौर से दीपावली की रात यह रंगोली बनाई जाती है, जो पूरे वातावरण को रौशन करने के साथ ही महका देती है। आप इसके लिए खुशबूदार दीपों का प्रयोग भी कर सकते हैं। 

 

 

होली के रंग का करें इस्तेमाल- घर पर होली के रंग अक्सर बच ही जाते हैं। होली के रंग बहुत खूबसूरत और ब्राइट होते हैं। आप चाहें तो इन रंगों से भी रंगोली बना सकते हैं।

 

 

कोलम रंगोली- आप चाहें तो इस दिवाली कोलम भी बना सकते हैं। हालांकि कोलम बनाने में मेहनत थोड़ी ज्यादा लगती है लेकिन कोलम के डिज़ाइन बहुत आकर्षक लगते हैं। 

 

 

कलरफुल स्टोन्स की रंगोली- अगर आप कुछ अलग तरह की रंगोली बनाना चाहते हैं तो आप घर पर रखे बटन, कलरफुल स्टोन्स तथा मोतियों आदि अक्सेसरीज से भी आकर्षक रंगोली के डिज़ाइन बना सकते हैं।

 

फूलों की रंगोली- दिवाली पर आप रंग-बिरंगे फूलों से भी रंगोली बना सकते हैं। फूलों से बनी रंगोली बहुत सुंदर व आकर्षक लगती है। साथ ही घर के वातावरण को खुशबू से महका देती है।

Created On :   17 Oct 2017 9:14 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story