उपचुनाव नतीजे : दिल्ली में AAP का जलवा कायम, गोवा में BJP जीती

Vidhan Sabha by election results out today
उपचुनाव नतीजे : दिल्ली में AAP का जलवा कायम, गोवा में BJP जीती
उपचुनाव नतीजे : दिल्ली में AAP का जलवा कायम, गोवा में BJP जीती

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली, गोवा और आंध्रप्रदेश की कुल 4 विधानसभा सीटों पर 23 अगस्त को हुए उपचुनाव के नतीजे सोमवार को घोषित हुए। दिल्ली की बवाना सीट आम आदमी पार्टी (AAP) ने बड़े अंतर से जीत ली है। वहीं गोवा की दोनों सीटें कांग्रेस के हाथ से BJP के खाते में चली गईं, जबकि आंध्रप्रदेश की नांदयाल सीट TDP ने जीती है।

दिल्ली में AAP की बड़ी जीत

दिल्ली के बवाना विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) ने 24,052 वोटों के अंतर से चुनाव जीत लिया है। शुरुआती राउंड में कांग्रेस आगे रही, लेकिन 8 राउंड के बाद AAP ने जो बढ़त बनाई, वो आखिरी 28 राउंड तक कायम रही और बड़ी जीत में तब्दील हुई। आम आदमी पार्टी के रामचंद्र को 59886 वोट मिले, जबकि BJP के वेद प्रकाश 35834 के साथ दूसरे नंबर रहे, वहीं कांग्रेस के सुरेंदर कुमार 31919 मतों के साथ तीसरे नंबर पर रहे। अरविंद केजरीवाल के लिए इस जीत को बेहद अहम माना जा रहा है।

गोवा की दोनों सीटें BJP के खाते में

गोवा की पणजी विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर चुनाव जीत गए हैं। पर्रिकर ने अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी को 4,803 वोटों से हराया। इसके अलावा गोवा की वालपोई विधानसभा सीट पर स्वास्थ्य मंत्री और BJP उम्मीदवार विश्वजीत राणे ने अपने निकतटम प्रतिद्वंद्वी को 10,066 वोटों से हराया।

आंध्र की नांदयाल सीट पर TDP जीती

आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले की नांदयाल विधानसभा सीट पर TDP उम्मीदवार भूमा ब्रमानंद रेड्डी ने जीत दर्ज कर अपने प्रतिद्वंद्वी, YSR कांग्रेस के प्रत्याशी को 27,000 से अधिक मतों से हराया। TDP के विधायक भुमा नागिरेड्डी के निधन के कारण नांदयाल सीट पर उपचुनाव कराया गया।

दिल्ली में हार की जिम्मेदारी मेरी : मनोज तिवारी 

  • दिल्ली BJP प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने उपचुनाव में AAP की जीत पर हार की पूरी जिम्मेदारी ली है।
  • बवाना सीट पर जीत के लिए बधाई देते हुए कहा, "मेरे प्रयासों में कमी रही AAPके घोटालों को घर घर तक नहीं पहुंचा पाया भ्रष्टाचार से जंग जारी रहेगी।"
  • दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने भी जीत के बाद ट्वीट कर लोगों का धन्यवाद किया है। शानदार जीत के लिए सभी कार्यकर्ताओं, विधायकों एवं सहयोगियों को बधाई।
  • गोवा में अपनी दो सीट गंवाने के बाद कांग्रेस पार्टी ने कहा कि BJP ने चुनाव जीतने के लिए अपनी सत्ता का दुरुपयोग किया है।

Created On :   28 Aug 2017 3:09 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story