GST जैसे आर्थिक सुधारों से 2047 तक भारत होगा हाई मिडल इकोनॉमी : वर्ल्ड बैंक CEO

World Bank CEO says, India will be high middle economy by 2047
GST जैसे आर्थिक सुधारों से 2047 तक भारत होगा हाई मिडल इकोनॉमी : वर्ल्ड बैंक CEO
GST जैसे आर्थिक सुधारों से 2047 तक भारत होगा हाई मिडल इकोनॉमी : वर्ल्ड बैंक CEO

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ईज ऑफ डूइंग बिजनस, 2018 में 30 स्थान की जंप लगाने के बाद भारत के लिए एक और अच्छी खबर आई है। वर्ल्ड बैंक CEO क्रिस्टालीना जॉर्जिवा ने शनिवार को कहा है कि भारत में जीएसटी जैसे आर्थिक सुधार जारी रहते हैं तो 2047 तक वह हाई मिडल इकोनॉमी वाला देश बन जाएगा। उन्होंने कहा कि जीएसटी जैसे टैक्स सुधार नियमों से भारत की अर्थव्यवस्था का स्तर आने वाले समय में रफ्तार पकड़ेगा।

 

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा दिल्ली में आयोजित इंडियाज बिजनस रिफॉर्म प्रोग्राम में वर्ल्ड बैंक की चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) क्रिस्टालीना जॉर्जिवा आयीं हुई थी। उन्होंने कहा कि ढांचागत निर्माण, मानव संसाधन में निवेश और आर्थिक सुधार देश की भविष्य की प्रगति का आधार बनेगा। उन्होंने कहा, "भारत में गरीबी की बात बहुत जल्द ही इतिहास का विषय होने वाली है। मुझे लगता है कि पीएम मोदी 2022 तक देश को गरीबी मुक्त देखना चाहते हैं। अभी तक के प्रयासों को देखकर लगता है कि भारत जल्द ही इस लक्ष्य को पा लेगा।"


जॉर्जिवा ने पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा GST लागू करवाने के लिए किए गए उनके प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा, "जीएसटी ने भारत के सामने तेजी से वृद्धि का अनोखा अवसर पैदा किया है। सुधारों का असर प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) पर दिखने लगा है।" उन्होंने बताया कि एफडीआई 2013-14 के 36 अरब डॉलर से बढ़कर 60 अरब डॉलर हो गया है। 

 

प्रोग्राम में वर्ल्ड बैंक CEO ने भारत में प्रति व्यक्ति आय बढ़ कर चार गुना होने को एक असाधारण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इसका श्रेय देश में पिछले 30 सालों में हुए सुधारों को दिया जाना चाहिए। उन्होंने ईज ऑफ डूइंग बिजनस रिपोर्ट में 100वां स्थान हासिल करने को लेकर भी भारत की तारीफ की। उन्होंने कहा कि अभी तक इस रैंकिंग में इतनी जंप देखने को नहीं मिली है। 
 

Created On :   4 Nov 2017 6:20 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story