भाजपा की 15वीं लिस्ट: कसाब को फांसी के फंदे तक पहुंचाने वाले वकील उज्जवल निकम को टिकट, प्रमोद महाजन की बेटी पूनम महाजन का टिकट कटा

कसाब को फांसी के फंदे तक पहुंचाने वाले वकील उज्जवल निकम को टिकट, प्रमोद महाजन की बेटी पूनम महाजन का टिकट कटा
  • लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी की 15वीं लिस्ट
  • मुंबई उत्तर मध्य सीट पर उज्जवल निकम बने प्रत्याशी
  • मौजूदा सांसद पूनम महाजन का टिकट कटा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। देश में लोकसभा चुनाव के दो चरणों के मतदान संपन्न होने के बाद शनिवार को भाजपा ने अपने प्रत्याशी की 15वीं सूची जारी की। ये सूची सिंगल नाम की लिस्ट है। इस लिस्ट में पार्टी ने मुंबई के साल 2008 में 26/11 हमले में शामिल आतंकवादी कसाब को फांसी की सजा दिलाने वाले वकील उज्जवल निकम को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने महाराष्ट्र की मुंबई उत्तर-मध्य लोकसभा सीट पर मौजूदा सांसद और दिग्गज नेता प्रमोद महाजन की बेटी पूनम महाजन का टिकट काटकर उज्जवल निकम को प्रत्याशी बनाया है। बता दें, उज्जवल निकम मुंबई हाई कोर्ट में पूर्व विशेष लोक अभियोजक के पद पर कार्यरत रह चुके हैं।

कई हाईप्रोइल केस में निभाई अहम भूमिका

इसी के साथ अब मुंबई उत्तर मध्य लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी उज्जवल निकम का मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी वर्षा गायकवाड़ के साथ होगा। बता दें, राजनीति में आने से पहले उज्जवल निकम ने अपने कानूनी करियर में साल 1993 मुंबई बम बलास्ट से लेकर साल 2008 के 26/11 जैसे केस लड़े हैं। इसके अलावा उन्होंने गुलशन कुमार हत्याकांड और प्रमोद महाजन हत्याकांड समेत अन्य हाईप्रोफाइल केस भी लड़े हैं। उज्जवल ने साल 2013 मुंबई गैंग रेप में विशेष लोक अभियजक की भूमिका निभाई थी। वकालत के क्षेत्र में अहम योगदान के लिए साल 2016 में उज्जवल निकम को पद्मश्री से नवाजा गया था। महाराष्ट्र के जलगांव से उज्जवल निकम ताल्लुक रखते हैं। इससे पहले भाजपा उज्जवल निकम को जलगांव से ही प्रत्याशी बनाने के मूड में थी।

सीट पर कई दावेदारों के सामने आए नाम

महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में से मुंबई उत्तर मध्य लोकसभा सीट पर भाजपा ने मौजूदा सांसद पूनम महाजन का टिकट काटा है। इस बार उनकी पार्टी ने उज्जवल निकम को प्रत्याशी बनाने का फैसला किया है। पार्टी सूत्रों की मानें तो पूनम महाजन के भाजपा से टिकट कटने के पीछे का कारण चुनावी सर्वे में आई नेगेटिव रेटिंग है। इस सीट पर जीत की बात करें तो साल 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में पूनम महाजन ने कांग्रेस नेता प्रिया दत्त को भारी मतों के साथ हराया था। इस दौरान वह इस सीट पर 15 साल तक सांसद रही। इसके अलावा मुंबई उत्तर मध्य की सीट पर प्रत्याशी के चेहरे को लेकर कई दिनों से सस्पेंस बना हुआ था। इस सीट पर एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित के नाम की खबरें सामने आ रही थी। कहा जा रहा था कि इस सीट पर पार्टी ने माधुरी दीक्षित से बात भी की थी। इसके अलावा सीट के लिए मुंबई भाजपा प्रमुख आशीष शेलार का नाम कई दिनों तक चर्चाओं में रहा था। हालांकि, बाद में आशीष ने कथित तौर पर इन अटकलों को खारिज कर दिया था।

Created On :   27 April 2024 12:59 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story