लोकसभा चुनाव 2024: 'खत्म करेंगे 50 फीसदी आरक्षण की सीमा, यह कांग्रेस की गारंटी', राहुल गांधी का बड़ा ऐलान

खत्म करेंगे 50 फीसदी आरक्षण की सीमा, यह कांग्रेस की गारंटी, राहुल गांधी का बड़ा ऐलान
  • राहुल गांधी ने एमपी के खरगोन और अलीराजपुर में की चुनावी सभा
  • आरक्षण के मुद्दे को लेकर बीजेपी पर जमकर साधा निशाना
  • बीजेपी के 400 पार नारे पर कसा तंज

डिजिटल डेस्क, भोपाल। सात चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव के दो चरण संपन्न हो चुके हैं। तीसरे चरण की वोटिंग 7 मई यानी कल होने वाली है। आने वाले बाकी के चरणों में जीत हासिल करने के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष के शीर्ष नेता जोरों-शोरों से तैयारी कर रहे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस नेता और वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश अलीराजपुर और खरगोन में चुनावी सभा की। इस दौरान उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि यदि हमारी सरकार बनी तो हम आरक्षण को 50 फीसदी से आगे ले जाएंगे। कोर्ट ने जो आरक्षण की सीमा 50 फीसदी तय कर रखी है, उसे हटा देंगे।

राहुल ने बीजेपी और आरएसएस पर संविधान को खत्म करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के संविधान को बदलना चाहते हैं। उन्होंने कहा, "जो भी भारत के आदिवासियों, दलितों, पिछड़ो के मिला है जल जमीन जंगल का हक संविधान ने दिया है। नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि इसे परे किया जाए और उनका पूरा का पूरा राज हो। आपके अधिकार आपसे छीने जाएं। हम उनको रोकने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा के नेताओं ने साफ बोला है कि अगर वे चुनाव जीतेंगे तो संविधान बदल देंगे इसलिए उन्होंने 400 सीट का नारा दिया था। 400 सीट छोड़िए उनको 150 भी नहीं मिलने वाली है। उनके अलग नेता कहते हैं कि हम आरक्षण छीन लेंगे।"

'आरक्षण की लिमिट खत्म कर बढ़ाएंगे'

कांग्रेस ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, 'आप मोदी जी से पूछिए, आपके लोग आदिवासियों पर पेशाब क्यों करते हैं। आपके लोग संविधान को क्यों रद्द करना चाहते हैं। आपके लोग आरक्षण क्यों खत्म करना चाहते हैं। आप देश को बताइए, क्या आप सचमुच में आरक्षण को खत्म करना चाहते हो। हां या ना? और ये भी बताओ आप आरक्षण के लिमिट को 50% से आगे करोगे, हां या ना? ये चुनाव का मुख्य मुद्दा है। आरक्षण, संविधान और गरीबों की रक्षा।' उन्होंने आगे कहा, पीएम नरेंद्र मोदी संविधान को बदलना चाहते हैं। अगर संविधान खत्म हो गया तो जो अधिकार आपको मिले हैं, वे खत्म हो जाएंगे। ऐसा हुआ तो हिंदुस्तान में 22-25 लोगों का राज हो जाएगा। ये अडाणी और अंबानी जैसे लोग हैं जो मोदी जी के खास लोग हैं।

'मनरेगा में देंगे 400 रुपए दैनिक मजदूरी'

मनरेगा को लेकर भी राहुल गांधी ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा, 'मीडिया कहता है कि मनरेगा से लोगों की आदत बिगड़ती है। आप मजदूरी करते हो, उसके लिए आपको पैसा मिलता है। मीडिया कहता है आपकी आदत बिगड़ रही है। मगर अरबपतियों का कर्जा माफ होता है तो उसको यह विकास कहते हैं। आज मनरेगा के लिए आपको 250 रुपए मिलता है। हमने मन बना लिया है। चुनाव के बाद 400 रुपए मिलेगा।'

Created On :   6 May 2024 5:32 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story