सुसाइड: घरेलू कलह से परेशान युवक ने पहले हाथ की नस काटी, इलाज कराया और घर जाकर फांसी लगाई

घरेलू कलह से परेशान युवक ने पहले हाथ की नस काटी, इलाज कराया और घर जाकर फांसी लगाई
  • पत्नी के साथ जमकर झगड़ा होने पर काटी हाथ की नस
  • समय रहते अस्पताल में हो गया उपचार
  • घर आकर फांसी पर झूला

डिजिटल डेस्क, अमरावती। घरेलू कलह से तंग आकर एक युवक ने एक ही दिन आत्महत्या का लगातार दो बार प्रयास किया। सुबह हाथ की नस काट ली। जिससे क्षेत्रवासियों ने उसका जिला सरकारी अस्पताल में इलाज कराया। शाम 5.30 बजे घर लौटने के बाद युवक ने फांसी लगा ली। यह घटना राजापेठ थाना क्षेत्र के हमालपुरा की है। जानकारी के अनुसार कपिल रामदास गायकवाड़ (36, हमालपुरा) का पत्नी के साथ दो दिनों से विवाद शुरू था। निजी वाहन पर चालक के रूप में कार्यरत कपिल सोमवार को रात में देर से घर पहुंचा। जिसके बाद पत्नी के साथ जमकर झगड़ा हो गया।

दूसरे दिन मंगलवार को सुबह भी विवाद हुआ। जिससे कपिल ने बाएं हाथ की कलाई की नस ब्लेड से काट ली। उसे तत्काल लहूलुहान अवस्था में जिला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने समय पर उपचार कर उसे बचा लिया। शाम 5.30 बजे अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर लौटने के तुरंत बाद कपिल ने भीतर के कमरे में नॉयलॉन की रस्सी से फंदा बनाकर फांसी लगाई। परिवार में पत्नी व एक 3 वर्ष का बेटा है। राजापेठ पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया। झगड़ा किस बात पर था। पुलिस पता लगा रही है।

मायके से रुपए लाने से किया इंकार तो पत्नी को पिला दिया जहर : मंगरुल दस्तगीर निंबोली निवासी शराबी पति ने महिला को मायके से रुपए लाने के लिए कहा, लेकिन महिला ने इंकार करने पर गुस्से में आए पति ने पत्नी को जबरन जहर पिला दिया। जिसके बाद मारपीट कर धमकाया। लेकिन पड़ोस के लोगों ने पीडि़ता को तुरंत अस्पताल में दाखिल कराने से महिला की जान बाल-बाल बची। इस मामले में सुनीता मेश्राम (36) की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शैलेश मसराम (37) के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार मंगरुल दस्तगीर थाना क्षेत्र के निंबोली निवासी शैलेश मेश्राम मजदूरी का काम करता है। शैलेश ने सोमवार की शाम घर आकर पत्नी सुनीता मेश्राम से मायके जाकर 5 हजार रुपए लाने के लिए कहा। लेकिन सुनीता ने मायके से रुपए लाने के लिए साफ इंकार कर दिया। जिससे दोनों के बीच विवाद हुआ। मामला इतना बढ़ गया कि शैलेश ने पत्नी के साथ मारपीट कर उसे जहरीली दवा जबरन पिला दी। बढ़ते विवाद को देख जब पड़ोसी ने घर पर आकर देखा तो महिला बेहोश होकर नीचे गिरी पड़ी थी। तब लोगों ने महिला को उप जिला अस्पताल में दाखिल किया। तब पता चला कि महिला को जहर पिलाया गया है।


Created On :   22 May 2024 9:29 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story