क्राइम: विवाह नहीं कराया तो दो बेटों ने पिता को मारा चाकू, अंतत: तोड़ा दम

विवाह नहीं कराया तो दो बेटों ने पिता को मारा चाकू, अंतत: तोड़ा दम
  • एक आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
  • एमआईडीसी वालूज के वड़गांव कोल्हाटी में घटना
  • दूसरे फरार आरोपी को तलाश रही पुलिस

डिजिटल डेस्क, छत्रपति संभाजीनगर। विवाह नहीं करा रहे, खेती का बंटवारा नहीं कर रहे, इन मुद्दाें को लेकर दो बेटों ने पिता के पेट पर चाकू से घपाघप वार किए। गंभीर रूप से घायल पिता संपत लक्ष्मण वाहुल (48, वड़गांव कोल्हाटी) ने उपचार के दौरान 23 मई की रात दम तोड़ दिया। प्रकरण में पुलिस ने एक आराेपी बेटे प्रकाश को गिरफ्तार किया है, तो फरार पोपट की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

ऐसे दिया घटना को अंजाम : पुलिस सूत्रों ने बताया कि संपत वाहुल अपने बेटाें पोपट (28) व प्रकाश (26) संग निवास करते थे। वाहुल के नाम पर खेती है। दोनों बेटे निजी कंपनी में काम करते हैं। 8 मई की रात 7.30 बजे संपत वाहुल घर में अकेले थे। छोटा बेटा प्रकाश कंपनी से घर आते ही पिता से गालीगलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने पिता पर हाथ छोड़ दिया। बड़ा इस दौरान कंपनी से घर आया और उसने भी पिता की निर्मम पिटाई शुरू की। संपत ने दोनों बेटों से पिटाई का जवाब पूछा तो उन्होंने बताया कि हमारा विवाह क्यों नहीं करते, जमीन का बंटवारा क्यों नहीं करते? इसके बाद बड़े बेटे ने चाकू से पेट पर कई वार किए।

दोनों बेटों के हमला करने पर पिता ने स्वयं को बचाने का प्रयास किया। शोर सुनकर पड़ोस से संपत का भाई रामनाथ वाहुल, संजय वाहुल, आकाश व संदीप वाहुल सहायता के लिए दौड़े। तब दोनों बेटों ने धमकी दी कि अब बचा तो गोली मारकर हत्या कर देंगे। संपत वाहुल को गंभीर घायल अवस्था में घाटी अस्पताल में भर्ती किया गया था। प्रकरण में दोनों बेटों के खिलाफ हत्या का प्रयास करने का अपराध एमआईडीसी वालूज थाने में दर्ज किया गया था। उपचार के दौरान 23 मई की रात 11:30 बजे पिता ने दम तोड़ दिया। पुलिस निरीक्षक कृष्णा शिंदे के मार्गदर्शन में मामले की जांच की जा रही है।


Created On :   25 May 2024 2:21 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story