प्रेम और सर्वधर्म समभाव का सेतु है रामसेतु : मुनगंटीवार

नारों से परिसर गूंज उठा

Anita Peddulwar
Update: 2023-07-07 10:02 GMT

डिजिटल डेस्क, चंद्रपुर।  इरई नदी पर बना यह साधारण पुल नहीं है यह प्रेम और सर्वधर्म समभाव का पुल है। यह विचार वनमंत्री और जिले के पालकमंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने व्यक्त किए। दाताला मार्ग के इरई नदी पर बने केबल स्टे ब्रिज के बिजली की रोशनाई का लोकार्पण उनके हाथों किया गया। इस अवसर पर वे बोल रहे थे। इसके पूर्व अनेक नारों से परिसर गूंज उठा और सभी धर्म के धर्मगुरु प्रमुखता से उपस्थित थे। पालकमंत्री मुनगंटीवार ने कहा यह न केवल रोशनाई का लोकार्पण है, बल्कि नागरिकों के बीच प्रेम के पुल को मजबूत करने का एक समारोह भी है। इसलिए सभी धर्मों के धर्मगुरुओं के आशीर्वाद और उनकी उपस्थिति से कार्यक्रम का लाभ मिला है। मुंबई, गोवा, दिल्ली की रोशनी देखने के बाद मन में विचार आया कि हमारे शहर के राम सेतु को भी रोशन किया जा सकता है। इस संबंध में यहां के अधिकारियों, नागरिकों एवं पदाधिकारियों के समन्वय से इस कार्यक्रम की उत्कृष्ट योजना बनाई गई। रामसेतु निर्माण के लिए सर्वदलीय पार्षदों ने समर्थन दिया इतना ही नहीं मनपा में रामसेतु नाम का प्रस्ताव पारित किया गया। आज सभी धर्म गुरु और हजारों नागरिकों की उपस्थिति में यह लोकार्पण संपन्न हुआ। रिवर फ्रंट योजना :राम सेतु के किनारे एक बांध बनाने की योजना है। आप इसमें बोटिंग का मजा भी ले सकते हैं। अगले साल से गणेश विसर्जन के लिए यहां रिवर फ्रंट बनाया जाएगा। इसलिए शहरवासियों को अब गणेश विसर्जन के साथ-साथ आरती के लिए भी जगह मिलेगी।

रोशनाई की विशेषता : राम सेतु पर दर्शनीय विद्युत प्रकाश व्यवस्था की गई है और प्रत्येक केबल पर दो लाइटें लगाई गईं हंै जिससे पूरी केबल रोशन हो जाती है। पुल पर ऐसे 64 केबल प्लांट हैं और कुल 128 लाइटों की व्यवस्था की गई है। पुल के बीच में बने एच फ्रेम को भी चारों तरफ से रोशन किया गया है। पुल की शुरुआत में एक एलईडी स्क्रीन है। इसमें राम सेतु का वर्णन और विभिन्न झांकियों के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रसारण की व्यवस्था है। विशेष दिनों या त्योहारों पर इस प्रकाश योजना को रंगों के अनुसार बदला जा सकता है। इस अवसर पर भागवताचार्य मनीष महाराज, इंदरसिंह, मौलाना अतिकुर रहमान, भंते सुमन वंदू आदि के साथ विधायक सुधाकर अडबाले, देवराव भोंगले, डॉ. मंगेश गुलवाडे, पूर्व महापौर राखी कंचर्लावार, पूर्व उपमहापौर राहुल पावडे, नामदेव डाहुले, प्रकाश धारणे, सुभाष कासनगोट्टूवार, ब्रिजभूषण पाझारे, रवींद्र गुरनुले, सा.नि. विभाग (विद्युत) के अधीक्षक अभियंता हेमंत पाटील, सार्वजनिक निर्माणकार्य विभाग के अक्षीधक अभियंता अरुण गाडेगोणे, कार्यकारी अभियंता टांगले, कार्यकारी अभियंता (विद्युत) पुनम पाटील, उपकार्यकारी अभियंता (विद्युत) भूषण येरगुडे आदि प्रमुखता से उपस्थित थे।

Tags:    

Similar News