नुकसान: धान कुटाई के दौरान लगी आग, ट्रैक्टर, थ्रेशर मशीन और धान जलकर खाक

धान कुटाई के दौरान लगी आग, ट्रैक्टर, थ्रेशर मशीन और धान जलकर खाक
  • किसान का लाखों रुपए का हुआ नुकसान
  • धान गर्म साइलेंसर पर चिपक जाने से अचानक आग लगी
  • नुकसानग्रस्त किसान को वित्तीय मदद देने की मांग

डिजिटल डेस्क, सिरोंचा (गड़चिरोली)। वर्तमान में रबी सत्र अपने अंतिम चरण में हाेकर किसानों ने अपने खेतों में धान कटाई का कार्य शुरू कर दिया है। इस बीच कुछ किसानों ने थ्रेशर मशीन की मदद से धान कुटाई का कार्य भी आरंभ किया है। मंगलवार, 21 मई की शाम तहसील के राजन्नापल्ली गांव के खेत में चल रहे धान कुटाई के कार्य के दौरान धान के तनस को अचानक आग लग गयी। देखते ही देखते इस आग में धान की फसल, ट्रैक्टर और थ्रेशर मशीन पूरी तरह जलकर खाक हो गयी। इस दुर्घटना में किसान व्यंकटस्वामी राजाराम येतम को लाखों रुपए का नुकसान हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिरोंचा तहसील मुख्यालय से 10 किमी की दूरी पर स्थित आरडा ग्राम पंचायत के ग्राम राजन्नापल्ली निवासी किसान व्यंकटस्वामी येतम ने मंगलवार को अपने खेत में धान कुटाई का कार्य शुरू किया। शाम के दौरान धान कुटाई के बीच अचानक मौसम में बदलाव हुआ और तेज हवाएं चलनी लगीं। इसी बीच धान का तनस ट्रैक्टर के गर्म साइलेंसर पर चिपक जाने से अचानक आग लग गयी।

इस बात से किसान व्यंकटस्वामी और खेत में मौजूद अन्य मजदूर अनभिज्ञ थे। इसी कारण देखते ही देखते इस आग ने उग्र रूप धारण कर लिया। कुटाई कर रखा धान, धान का तनस, ट्रैक्टर और थ्रेशर मशीन देखते ही देखते पूरी तरह जलकर खाक हो गये। घटना की जानकारी गांव पटवारी को देते ही बुधवार की सुबह लोगों के समक्ष नुकसान का पंचनामा किया गया। ग्रामीणों ने नुकसानग्रस्त किसान को वित्तीय मदद देने की मांग की है।


Created On :   23 May 2024 11:09 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story