दहशत: गोंदिया जिले में वन्यजीवों की दहशत के कारण नहीं हो पा रहा तेंदूपत्ता संकलन

गोंदिया जिले में वन्यजीवों की दहशत के कारण नहीं हो पा रहा तेंदूपत्ता संकलन
  • गोंदिया जिले में तेंदूपत्ता का बड़ी मात्रा में होता है उत्पादन
  • भयभीत मजदूर तेंदूपत्ता तोड़ने से कर रहे इनकार
  • बाघ के हमलों में कई किसान, चरवाहे और महिलाओं की हो चुकी है मौत

डिजिटल डेस्क, अर्जुनी मोरगांव (गोंदिया)। वर्तमान में तेंदूपत्ता संग्रहण का कार्य शुरू हो गया है। गड़चिरोली, चंद्रपुर जिलों में बड़ी संख्या में तेंदूपत्ता एकत्र किया जाता है, जबकि अर्जुनी मोरगांव, सड़क अर्जुनी, देवरी तहसीलों से बड़ी संख्या में नागरिक तेंदूपत्ता इकट्ठा करने जाते हैं। हालांकि, गड़चिरोली और चंद्रपुर जिलों में मानव-वन्यजीव संघर्ष के कारण, नागरिक अब तेंदूपत्ता संग्रहण से मुंह मोड़ रहे हैं।

पूर्वी विदर्भ में गड़चिरोली, चंद्रपुर सहित गोंदिया जिला प्रकृति से घिरा हुआ है। यहां बड़ी मात्रा में वन संपदा है। जिले में तेंदूपत्ता का उत्पादन बड़ी मात्रा में होता है। अर्जुनी मोरगांव तहसील और जिले के मजदूर तेंदूपत्ता तोड़ने से इनकार कर रहे हैं क्योंकि वन्यजीव जंगल क्षेत्र में घूमते हैं। पिछले साल गड़चिरोली और चंद्रपुर जिलों में मानव-वन्यजीव संघर्ष के कारण बाघ के हमलों में कई किसान, चरवाहे और महिलाएं मारे गए थे। घर के मुखिया के चले जाने से कई परिवार उजड़ गए। इसलिए नागरिकों के मन में वन्यजीवों की दहशत बन गई है।

सहमे हुए हैं ग्रामीण : गर्मी के दिनों में नागरिक तेंदूपत्ता संग्रहण के रोजगार पर निर्भर रहते हैं। तेंदूपत्ता संग्रहण लगभग एक माह तक चलता है। इससे होने वाली आय परिवार की खुशहाली में बहुत योगदान देती है। मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका और बाघों के डर से नागरिक डरे हैं। तेंदूपत्ता संग्रहण तो शुरू हो गया है, लेकिन देवरी, अर्जुनी मोरगांव, सड़क अर्जुनी, आमगांव के नागरिकों ने इससे मुंह मोड़ लिया है। इस बीच रोजगार उपलब्ध होने पर भी नागरिकों को रोजगार से वंचित होना पड़ता है।

रेत की ढुलाई करते ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ायी, आरोपी नामजद : तिरोड़ा थानांतर्गत कवलेवाड़ा की वैनगंगा नदी से अवैध तरीके से रेत ले जाने वाले 2 आरोपी को पुलिस ने पकड़ा। आरोपियों के पास रेत ले जाने का कोई लाइसेंस नहीं था। इसके बावजूद दोनों रेत का परिवहन कर रहे थे। उनके ट्रैक्टर एवं ट्राली मंे नंबर भी नहीं था। पुलिस ने उनके पास से कुल 6 लाख 54 हजार रुपए का माल जब्त किया है। जिसमें ट्रैक्टर, ट्रॉली, फावड़े एवं घमेले का समावेश है। यह कार्रवाई 6 मई को की गई। फरियादी की रिपोर्ट पर तिरोड़ा पुलिस ने भादंवि की धारा 379, 109 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच पुलिस नायक श्रीरामे कर रहे हंै।

Created On :   8 May 2024 12:19 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story