जबलपुर: दिन-भर रही तपन, शाम को अंधड़ के साथ बूँदा-बाँदी

  • फिर बदला मौसम, आने वाले 24 घंटों में हल्की बारिश की संभावना
  • विशेषज्ञों ने अनुसार राजस्थान के ऊपर एक चक्रवात बना हुआ है।
  • न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा।

Bhaskar Hindi
Update: 2024-05-23 12:47 GMT

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। पारे में उछाल से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। बुधवार को भी शहर दिन-भर उबला, वहीं शाम को कुछ क्षेत्रों में हुई हल्की बूँदा-बाँदी ने उमस बढ़ा दी। इसके अलावा कई क्षेत्रों में तेज हवाएँ भी चलीं।

जानकारी के अनुसार खमरिया एस्टेट में बूँदा-बाँदी के साथ चली तेज हवाओं में कुछ दुकानों के ऊपर के छप्पर उड़ गए। बुधवार को शहर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। दोनों तापमान बढ़ने पर शहर में तीखी गर्मी का अहसास है।

विशेषज्ञों ने अनुसार राजस्थान के ऊपर एक चक्रवात बना हुआ है। इसके अलावा उत्तर-दक्षिणी दिशा में और एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ लाइन बनी है जोकि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजर रही है।

जिसके चलते अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आई नमी, बादलों के रूप में कहीं-कहीं एकत्रित है। इसके कारण आगामी 24 घंटों में जबलपुर संभाग में हल्की बूँदा-बाँदी और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की हवाएँ चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने वज्रपात की संभावना भी जताई है।

वहीं प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में पिछले 24 से 72 घंटों में हीट वेव का प्रभाव कुछ जगहों पर देखा गया है। बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में बने निम्न दाब क्षेत्र के कारण गर्मी का प्रभाव आगामी एक हफ्ते तक प्रदेश में देखने मिल सकता है।

Tags:    

Similar News