विडंबना : यातायात थाना रोड, गोलबाजार के साथ कुछ अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे ही हालात, दावे तो स्मार्ट सिटी के लेकिन हैरान कर रही कार्यशैली

  • बीच शहर में दिन में जल रहीं स्ट्रीट लाइटें, रात में छाया रहता है अंधकार
  • शहर में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था ऐसी है कि जब रात में जरूरत होती है तब ये बंद रहती है और दिन में रोशन रहती है।

Safal Upadhyay
Update: 2023-07-22 09:32 GMT

डिजिटल डेस्क,जबलपुर।

विद्युत खंभों की लाइट को अंधियारा मिटाने रात में रोशन होना चाहिए पर इससे ठीक विपरीत हालात हैं। शहर के कई हिस्सों में बारिश के इन दिनों में स्ट्रीट लाइटें रात की बजाय दिन में रोशन हो रही हैं। ऐसा एक जगह नहीं कई मार्गों पर हो रहा है। अभी फिलहाल यातायात थाना गुरुद्वारा के सामने से चंचलबाई काॅलेज की सीमा तक स्ट्रीट लाइट दिन में जल रही है। यहाँ से जो लाेग दिन में निकलते हैं वे इस तरह की व्यवस्था को देखकर आश्चर्य में पड़ जाते हैं। विशेष बात यही है कि यह पूरा इलाका इन दिनों रात में अँधेरे से परेशान है। लोगों का कहना है कि स्मार्ट सिटी के राग के बीच ये हालात हैरान करने वाले हैं। कोई कुछ देखने वाला ही नहीं है।

जब जरूरत तब रहती हैं बंद

क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि दिन में बिजली जलने और रात में बंद रहने की यह समस्या पिछले करीब बीस दिन से बनी हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि नगर निगम मुख्यालय और स्मार्ट सिटी कार्यालय से चंद कदम दूरी पर बरकरार इस समस्या को काेई देखने वाला नहीं है। इसी तरह शांति नगर व शांति नगर से कृष्णा कॉलोनी को जोड़ते हुए त्रिमूर्ति नगर की ओर जाने वाली सड़क पर भी दिन में स्ट्रीट लाइटें जल रही हैं। जनता के पैसों का अपव्यय हो रहा है। रात में जब जरूरत होती है तब ये लाइटें बंद रहती हैं।

फॉल्ट की वजह से बनी परेशानी

नगर निगम प्रकाश विभाग का कहना है कि बारिश के मौसम में कई हिस्सों में फाॅल्ट सामने आ रहा है जिससे यह परेशानी सामने आई है। प्रकाश विभाग के ईई नवीन लोनारे कहते हैं कि एक किलोमीटर के दायरे में अभी जहाँ लाइट दिन में जल रही थी उसका फाॅल्ट ट्रेस कर लिया गया है। इसकाे जल्द ठीक कर दिया जाएगा। विद्युत पोल की लाइट को जहाँ से चालू-बंद िकया जाता है उसकी जिम्मेदारी विद्युत मंडल के कर्मचारियों की होती है।

Tags:    

Similar News