जबलपुर: नगर निगम के कर्मचारी कर रहे सफाई का दिखावा, बारिश में फिर होगा जलभराव

  • नालों के मुहाने पर फँसी हैं पन्नियाँ, बढ़ रहे मच्छर
  • क्षेत्रीय नागरिकों की शिकायत के बाद भी नालों की सफाई नहीं की जा रही है।
  • शहर में एक अप्रैल से नालों की सफाई का काम शुरू किया गया है।

Safal Upadhyay
Update: 2024-04-29 08:43 GMT

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। नगर निगम द्वारा शहर में नालों की सफाई किस तरीके से की जा रही है, इसकी बानगी शहरी क्षेत्रों के नालों में देखी जा सकती है। हालत यह है कि शहर से गुजरने वाले नालों के मुहानों पर जगह-जगह पन्नियाँ फँसी हुई हैं।

इससे नाले के पानी का बहाव रुक रहा है। गंदे पानी का जमाव होने से मच्छर फैल रहे हैं। क्षेत्रीय नागरिकों की शिकायत के बाद भी नालों की सफाई नहीं की जा रही है।

बारिश के मौसम में जलभराव को रोकने के लिए नगर निगम ने अभी से नालों की सफाई की घोषणा की है। नाला सफाई में बड़ी मशीनों के साथ कर्मचारी भी लगाए गए हैं। इसके बाद भी नालों में सफाई नहीं दिख रही।

शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्रों से गुजरने वाले नालों में जगह-जगह पन्नियाँ फँसी हुई हैं। इससे नालों का बहाव अवरुद्ध हो रहा है। इससे मच्छर फैल रहे हैं। इनके प्रकोप से मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियाँ फैलने का खतरा बढ़ गया है।

क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि नालों की हालत देखने से पता चलता है कि लंबे समय से साफ-सफाई का काम नहीं हुआ है।

घनी आबादी वाले क्षेत्रों के नालों में नहीं हुई सफाई

शहर के बीच से गुजरने वाले सिविक सेन्टर, गढ़ाफाटक, मोतीनाला, नौदराब्रिज, खंदारी और कंचनपुर के नालों की लंबे समय से सफाई नहीं हुई है। नालों के मुहाने पर बड़े पैमाने पर पन्नियाँ फँसी हुई हैं।

क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि पन्नियों के फँसने के कारण ही बारिश के मौसम में जलभराव की स्थिति बनती है। नगर निगम की लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ता है।

सफाई कम और दिखावा ज्यादा

नागरिकों का कहना है कि नगर निगम हर साल गर्मी के मौसम में नालों की सफाई का दिखावा करता है। लेकिन पहली बारिश में ही शहर में जगह-जगह पानी भर जाता है। यह सिलसिला कई सालों से चल रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि नालों की सफाई का नगर निगम के अधिकारी निरीक्षण भी नहीं करते हैं।

शहर में एक अप्रैल से नालों की सफाई का काम शुरू किया गया है। प्रथम चरण में बड़े नालों की सफाई मशीन के जरिए की जा रही है। जल्द ही शहरी क्षेत्र में घनी आबादी वाले क्षेत्रों के नालों की सफाई का काम किया जाएगा।

-संभव मनु अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम

Tags:    

Similar News