सिलाई करने वाली महिला की सिर कुचलकर हत्या

पनागर के गुरुनानक वार्ड में वारदात से सनसनी

Abhishek soni
Update: 2024-03-20 16:46 GMT

डिजिटल डेस्क जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र स्थित गुरुनानक वार्ड में रहने वाली 40 वर्षीय महिला की अज्ञात हमलावर ने सिर कुचलकर हत्या कर दी। मंगलवार की देर रात खून से लथ-पथ महिला का शव बरामद किया गया। घटना की जानकारी लगने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। वहीं सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव बरामद कर पीएम के लिए रवाना कर अज्ञात आरोपी की पतासाजी के प्रयास शुरू किए। इस घटना के अलावा शहर में पिछले 24 घंटे में हत्या की दो और वारदातें होने से सनसनी का माहौल व्याप्त है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुरुनानक वार्ड निवासी अल्का केशरवानी के पति राजकुमार केशरवानी की करीब 5 साल मौत हो गयी थी और उसके बच्चे नहीं थे। पति की मौत के बाद वह अकेली रहकर सिलाई कर अपना गुजर बसर कर रही थी। रविवार को उसकी जान पहचान की महिलाओं ने उसे फोन लगाया लेकिन उसका फोन नहीं उठा तो मंगलवार की रात महिलाएँ उसके घर पहुँचीं। दरवाजा खुला देख महिलाएँ घर के अंदर गयीं तो देखा कि खून से लथ-पथ अल्का मृत अवस्था में पड़ी है। इसके बाद महिलाओं ने आसपास रहने वालों को घटना की जानकारी दी। वहीं सूचना पाकर पहुँची पुलिस ने मौके से महिला का शव बरामद किया। प्रारंभिक जाँच में सिर कुचलकर महिला की हत्या किया जाना पाए जाने पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। वहीं पुलिस आरोपी का पता लगाने हेतु मृतका के मोबाइल की डिटेल्स खँगाल रही है। वहीं आसपास रहने वालों से भी पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दो दिन पहले उसके घर में कौन-कौन आया था।

Tags:    

Similar News