21 जून को आ सकते हैं पीएम मोदी!

संयुक्त सचिव ने किया संभावित स्थलों का निरीक्षण

Safal Upadhyay
Update: 2023-06-01 12:29 GMT

डिजिटल डेस्क,जबलपुर।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जबलपुर प्रवास की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि अभी इस कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। पिछले तकरीबन एक सप्ताह से पीएम के जबलपुर आगमन को लेकर तरह-तरह की चर्चाएँ चल रही हैं। बुधवार को इस तरह की अटकलों को और बल मिला जब भारत सरकार के आयुष मंत्रालय की संयुक्त सचिव कविता गर्ग ने चार बड़े स्थलों का निरीक्षण किया। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वे गैरिसन ग्राउंड सदर, आयुर्वेद कॉलेज मैदान, गौरीघाट और रानीताल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का जायजा लेने पहुँचीं। जानकारों का कहना है कि वैकल्पिक तौर पर करौंदी स्थिति सेंटर प्वाइंट ऑफ इंडिया भी एक आयोजन स्थल हो सकता है। जानकारी के मुताबिक योग दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर की हस्तियाँ शामिल होंगी, जिसको लेकर शासन-प्रशासन तमाम मापदंडों को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल के चयन में जुटा हुआ है।

प्रियंका गांधी 12 को आएँगी

योग दिवस के ठीक 9 दिन पहले कांग्रेस नेत्री प्रियंका वाड्रा गांधी जबलपुर से 2023 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद करने जा रही हैं। इसे लेकर पार्टी स्तर पर व्यापक तैयारियाँ शुरू हो चुकी हैं। वे यहाँ से चुनावी जनसंपर्क का शंखनाद करेंगी।

Tags:    

Similar News