दरिंदगी के बाद की गयी थी मासूम की हत्या

पनागर में हुई थी घटना, शॉर्ट पीएम में हुआ खुलासा

Abhishek soni
Update: 2024-03-28 17:17 GMT

डिजिटल डेस्क जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र में रहने वाली 8 वर्षीय मासूम बालिका का शव मंगलवार की रात तालाब से बरामद किया गया था। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि उसके साथ दरिंदगी की गयी थी। उसके बाद उसकी हत्या कर लाश तालाब में फेंकी गयी थी। इस खुलासे के बाद पुलिस संदिग्धों की धरपकड़ में जुटी है। इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि आखिरी बार बच्ची किसके साथ देखी गयी थी।

ज्ञात हो कि पनागर क्षेत्र में रहने वाली 8 वर्षीय मासूम बच्ची मंगलवार की शाम 6 बजे के करीब घर के बाहर खेलते हुए रहस्यमय तरीके से गायब हो गयी थी। जानकारी लगने पर परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। करीब ढाई घंटे बाद बच्ची का शव उसके घर से कुछ दूरी पर स्थित तालाब से बरामद किया गया था। शव देखकर परिजनों ने बच्ची के साथ दरिंदगी कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया था। उधर, इस दर्दनाक घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शराब दुकान में आग लगा दी थी। बुधवार को शव रखकर प्रदर्शन किया गया था। इस मामले में गुरुवार को पुलिस अधिकारियों द्वारा बच्ची का पीएम कराने वाले डॉक्टरोंं से बातचीत की गयी, जिसमें इस बात का खुलासा हुआ कि उसके साथ दरिंदगी की गयी थी फिर उसे तालाब में फेंका गया था। इस खुलासे के बाद पुलिस अब दरिंदे की पतासाजी में जुटी है। वहीं एसपी आदित्य प्रताप िसंह भी गुरुवार को घटना स्थल पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आरोपियों की जल्द पतासाजी के लिए अधिकारियों को निर्देश जारी किए।

Tags:    

Similar News