रणनीति: पश्चिम बंगाल में कांग्रेस-माकपा की भाजपा से मिलीभगत - ममता

  • बंगाल में भाजपा के खिलाफ लड़ाई का नेतृत्व करेगी टीएमसी
  • ममता का बड़ा बयान
  • हमें सभी धर्मों का सम्मान करना चाहिए

Tejinder Singh
Update: 2023-12-28 14:00 GMT

डिजिटल डेस्क, कोलकाता, एजेंसी । पश्चिम बंगाल में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और कांग्रेस पर भाजपा के साथ मिलीभगत करने का आरोप मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लगाया। उन्होंने कहा, टीएमसी आगामी लोकसभा चुनाव में राज्य में भाजपा के खिलाफ लड़ाई की अगुवाई करेगी। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की प्रमुख ममता बनर्जी ने राज्य के उत्तर 24 परगना जिले के देगंगा में पार्टी कार्यकर्ताओं की एक सभा को संबोधित किया। ममता ने कहा, भाजपा विपक्षी दलों के नेताओं पर 'चोर' का ठप्पा लगा रही है । देश में एक ऐसी व्यवस्था बन गई है, जहां लोकतंत्र का संचालन केंद्रीय एजेंसियों द्वारा किया जा रहा है। माकपा, भाजपा और कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में गठबंधन बनाया है और सक्रिय रूप से हमारे खिलाफ प्रचार कर रहे हैं। विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) राष्ट्रव्यापी स्तर पर भाजपा का मुकाबला करेगा, जबकि पश्चिम बंगाल में भाजपा के खिलाफ लड़ाई का नेतृत्व टीएमसी करेगी।

मुख्यमंत्री ने उत्तर 24 परगना जिले में बांग्लादेश मूल के लोगों की बड़ी आबादी तक पहुंच बनाने के उद्देश्य से भाजपा पर राजनीतिक लाभ के लिए नागरिकता के मुद्दे में हेरफेर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, भाजपा इस मुद्दे पर लोगों को गुमराह कर रही है। पहले, जिलाधिकारी नागरिकता से जुड़े मामलों का फैसला करते थे, लेकिन अब उनसे ये शक्तियां छीन ली गई हैं। यदि लोगों के पास नागरिकता नहीं होगी, तो वे सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ कैसे उठा पाएंगे? अमित शाह ने मंगलवार को एक बयान में कहा था कि नागरिकता (संशोधन) अधिनियम के कार्यान्वयन को कोई नहीं रोक सकता क्योंकि यह देश का कानून है। शाह ने बनर्जी पर इस मुद्दे पर लोगों को गुमराह करने का भी आरोप लगाया था।

हमें सभी धर्मों का सम्मान करना चाहिए

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पार्टी विचारधाराओं से परे सभी धर्मों के सम्मान के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने उत्तर 24 परगना जिले के चकला में बाबा लोकनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। बनर्जी ने चुनाव के दौरान धर्मों का राजनीतिकरण बंद करने का आग्रह किया। बनर्जी ने कहा कि दुनिया भर के धर्म हिंसा की वकालत नहीं करते, बल्कि करुणा, प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा देते हैं। किसी का नाम लिए बिना तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा, हमें सभी धर्मों का सम्मान करना चाहिए। दुनिया का कोई भी धर्म हमें हिंसा का प्रचार करना नहीं सिखाता। सभी धर्म हमें अधिक दयालु होना तथा प्रेम और भाईचारा फैलाना सिखाते हैं। बनर्जी ने पश्चिम बंगाल को न केवल एक पसंदीदा पर्यटन स्थल, बल्कि धार्मिक पर्यटन के केंद्र के रूप में भी पहचान दिलाने पर जोर दिया।


Tags:    

Similar News