उद्धव के लिए भाजपा के सभी दरवाजे बंद - बावनकुले

  • यूपी के उपमुख्यमंत्री मौर्य ने कहा था कि ठाकरे के लिए भाजपा के दरवाजे खुले
  • बावनकुले का ताजा बयान
  • उद्धव के लिए भाजपा के सभी दरवाजे बंद

Tejinder Singh
Update: 2023-06-16 15:16 GMT

डिजिटल डेस्क, मुंबई। शिवसेना (उद्धव गुट) पक्ष प्रमुख तथा पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से दोबारा गठबंधन करने को लेकर भाजपा में दो राय सामने आई है। प्रदेश भाजपा ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के उस बयान से किनारा कर लिया है जिसमें उन्होंने कहा था कि उद्धव के लिए भाजपा के दरवाजे खुले हैं। शुक्रवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने उपमुख्यमंत्री मौर्य के बयान से प्रदेश भाजपा को अलग कर लिया। नागपुर में बावनकुले ने कहा कि उद्धव को लेकर उपमुख्यमंत्री मौर्य ने जो बयान दिया है, वह उनका व्यक्तिगत विचार है। उद्धव के लिए भाजपा के सभी दरवाजे बंद हैं। भाजपा उद्धव से दोबारा गठबंधन के लिए कोई चर्चा नहीं कर रही है। हम भविष्य में भी उनसे कोई चर्चा नहीं करेंगे। इसके पहले गुरुवार को पुणे में उपमुख्यमंत्री मौर्य ने कहा था कि उद्धव शिवसेना प्रमुख दिवंगत बालासाहेब ठाकरे के पुत्र हैं। उनके लिए भाजपा के दरवाजे बंद नहीं हैं। भाजपा के दरवाजे हमेशा खुले ही रहते हैं। लेकिन भाजपा के साथ दोबारा गठबंधन के लिए अब उद्धव को खुद पहल करनी पड़ेगी। भाजपा अपनी ओर से पहल नहीं करेगी। क्योंकि गलती भाजपा ने नहीं बल्कि उद्धव ने की है। उद्धव ने भाजपा को धोखा दिया है। यदि उद्धव के मन में कोई विचार हैं तो वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से बात करें। उद्धव को भाजपा नेतृत्व के समक्ष अपने गलती को भी स्वीकार करना पड़ेगा।

Tags:    

Similar News