केंद्रीय गृह मंत्री शाह का फर्जी वीडियो साझा करने का मामला, 16 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

महाराष्ट्र युवक कांग्रेस के सोशल मीडिया हैंडल और 16 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Tejinder Singh
Update: 2024-04-30 16:14 GMT

डिजिटल डेस्क, मुंबई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का फर्जी वीडियो (डीपफेक) कथित तौर पर साझा करने के आरोप में मुंबई पुलिस ने महाराष्ट्र युवक कांग्रेस के सोशल मीडिया हैंडल और 16 अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। भाजपा की मुंबई इकाई के पदाधिकारी प्रतीक कर्पे ने इसे लेकर बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित साइबर थाने में शिकायत की थी। कर्पे का कहना है कि केंद्रीय गृह मंत्री को बदनाम करने की नीयत से डीपफेक वीडियो बना कर उसे पोस्ट किया गया और इंटरनेट पर व्यापक रूप से साझा किया गया। शिकायतकर्ता ने डीपफेक वीडियो सोशल मीडिया से हटाने और आरोपियों के खिलाफ यथोचित कार्रवाई का अनुरोध किया है। फर्जी वीडियो में भाजपा नेता शाह को अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के आरक्षण अधिकारों को खत्म करने की घोषणा करते हुए दिखाया गया है।

क्या है ‘डीपफेक’ तकनीक

‘डीपफेक’ वह तकनीक है, जिससे एक वीडियो में छेड़छाड़ कर किसी ऐसे व्यक्ति के चेहरे को उसमें फिट किया जाता है, जो उस वीडियो का हिस्सा ही नहीं होता। इस तकनीक के माध्यम से छेड़छाड़ कर बनाए गए वीडियो में असली और नकली का अंतर बता पाना मुश्किल होता है।

Tags:    

Similar News