नारी वंदन: राजनीतिक दलों की बेरुखी कायम! भाजपा ने 6 - कांग्रेस ने 4 को दी उम्मीदवारी

Tejinder Singh
Update: 2024-05-06 12:49 GMT

डिजिटल डेस्क, मुंबई, अमित कुमार |  लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का अधिकार देने वाले नारी शक्ति वंदन अधिनियम के मंजूरी के बाद हो रहे देश के आम चुनाव में महिलाओं को टिकट देने को लेकर राजनीतिक दलों की बेरुखी कायम है। इस लोकसभा चुनाव के लिए प्रमुख दलों में भाजपा ने सबसे अधिक 6 सीटों पर महिला उम्मीदवार उतारा है। भाजपा ने 21.42 प्रतिशत टिकट महिलाओं को दिया है। शिवसेना (शिंदे) ने 2 सीटों पर यानी 13.33 प्रतिशत उम्मीदवारी महिलाओं को दी है। राकांपा (अजित) ने 2 सीटों पर यानी 50 प्रतिशत टिकट महिलाओं को दिया है। दूसरी ओर, कांग्रेस ने 4 सीटों पर महिला प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस ने महिलाओं को 23.52 प्रतिशत टिकट दिया है। शिवसेना (उद्धव) ने 2 सीट यानी 9.52 प्रतिशत राकांपा (शरद) ने 1 सीट पर यानी 10 प्रतिशत उम्मीदवारी महिलाओं को दी है। इससे पहले सितंबर 2023 में महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने संबधी विधेयक को संसद से मंजूरी मिली थी। लेकिन देश में नए परिसीमन के बाद ही यह कानून लागू होगा।

भाजपा की 6 में से 4 महिला उम्मीदवार हैं सांसद

महायुति गठबंधन में भाजपा सबसे अधिक 28 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। जिसमें भाजपा ने 6 महिलाओं को उतारा है, लेकिन भाजपा की 6 में से 4 महिला उम्मीदवार वर्तमान सांसद हैं। दिंडोरी सीट से उम्मीदवार भारती पवार, नंदूरबार सीट से उम्मीदवार हिना गावित, रावेर सीट से प्रत्याशी रक्षा खडसे, अमरावती सीट से प्रत्याशी नवनीत राणा वर्तमान सांसद हैं। जबकि 2 सीट पर बीड़ से प्रत्याशी पंकजा मुंडे और जलगांव सीट से स्मिता वाघ को नए उम्मीदवार के रूप में टिकट दिया है। शिवसेना (शिंदे) ने यवतमाल-वाशिम सीट पर राजश्री पाटील और दक्षिण मुंबई सीट पर यामिनी जाधव को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, राकांपा (अजित) ने बारामती सीट पर सुनेत्रा पवार और उस्मानाबाद सीट पर अर्चना पाटील को टिकट दिया है।

कांग्रेस की 4 में से 3 महिला उम्मीदवार विधायक

कांग्रेस ने मुंबई उत्तर-मध्य सीट पर वर्षा गायकवाड, सोलापुर सीट पर प्रणिती शिंदे और चंद्रपुर सीट पर प्रतिभा धानोकर को उम्मीदवारी दी है। ये तीनों उम्मीदवार वर्तमान में विधायक हैं। कांग्रेस की धुलिया सीट से उम्मीदवार डॉ. शोभा बच्छाव पूर्व राज्य मंत्री हैं, जबकि शिवसेना (उद्धव) ने पालघर सीट से भारती कामडी और कल्याण सीट से वैशाली दरेकर-राणे को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, राकांपा (शरद) ने सुप्रिया सुले को बारामती सीट से उम्मीदवारी दी है। सुप्रिया बारामती सीट से वर्तमान सांसद हैं।

भाजपा की महिला उम्मीदवार

भारती पवार (दिंडोरी)

हिना गावित (नंदूरबार)

रक्षा खडसे (रावेर)

स्मिता वाघ (जलगांव)

पंकजा मुंडे (बीड़)

नवनीत राणा (अमरावती)

कांग्रेस उम्मीदवार

वर्षा गायकवाड (मुंबई उत्तर-मध्य)

प्रणिती शिंदे (सोलापुर )

डॉ. शोभा बच्छाव (धुलिया)

प्रतिभा धानोकर (चंद्रपुर)

शिवसेना (उद्धव) उम्मीदवार

भारती कामडी (पालघर )

वैशाली दरेकर-राणे (कल्याण)

शिवसेना (शिंदे) उम्मीदवार

राजश्री पाटील (यवतमाल-वाशिम)

यामिनी जाधव (दक्षिण मुंबई )

राकांपा (अजित) उम्मीदवार

उस्मानाबाद- अर्चना पाटील (राकांपा-अजित)

बारामती- सुनेत्रा पवार (राकांपा-अजित)

राकांपा (शरद) उम्मीदवार

सुप्रिया सुले (राकांपा- शरद)

साल 2019 में 8 महिलाएं बनी थीं सांसद: इससे पहले, साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 6 महिलाओं को टिकट दिया था। जिसमें भाजपा की पांच महिला उम्मीदवारों को जीत मिली थी। कांग्रेस की तीन महिला उम्मीदवारों में से सभी को हार का सामना करना पड़ा था। राकांपा (अविभाजित) ने एक महिला को उम्मीदवारी दी थी, जिसमें उम्मीदवार को जीत मिली थी। शिवसेना (अविभाजित) की एक महिला उम्मीदवार को भी जीत मिली थी। इसके अलावा एक सीट अमरावती से निर्दलीय उम्मीदवार नवनीत राणा को जीत मिली थी।


Similar News