आधी आबादी: रियल एस्टेट में महिलाओं का बढ़ा दबदबा महारेरा प्रमाणित संपत्ति सलाहकार बन रहीं

रियल एस्टेट में महिलाओं का बढ़ा दबदबा महारेरा प्रमाणित संपत्ति सलाहकार बन रहीं
  • महिलाओं के लिए एजेंट के तौर पर ज्यादा चुनौतियां
  • पुरुषों द्वारा निभाई जाने वाली भूमिकाओं में महिलाएं
  • रियल एस्टेट क्षेत्र को पुरुषों का क्षेत्र माना जाता था

सुजीत गुप्ता, मुंबई । रियल इस्टेट में पिछले कुछ वर्षों में उल्लेखनीय वृद्धि देखी जा रही है। महिलाएं पारंपरिक रूप से पुरुषों द्वारा निभाई जाने वाली भूमिकाओं में कदम रख रही हैं। यह उद्योग क्षेत्र के पैटर्न को बदल रहा है। घर खरीदने और बेचने से लेकर संपत्तियों को डिजाइन करने और विकसित करने तक में महिलाएं आगे बढ़ रही हैं। वैसे वर्षों से रियल एस्टेट क्षेत्र को पुरुषों का क्षेत्र माना जाता था। लेकिन कोविड महामारी के बाद इस क्षेत्र में महिलाओं ने अपनी उपस्थिति बढ़ाई और वे एस्टेट एजेंट, संपत्ति प्रबंधक और यहां तक कि डेवलपर भी बन रही हैं।

महारेरा द्वारा जारी अधिकृत रियल एस्टेट एजेंटों के आंकड़े बताते हैं कि किस तरह महिलाएं इस क्षेत्र में अपना दबदबा बना रही हैं। महारेरा ने 10 जनवरी 2023 से एजेंटों का रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस नवीनीकरण अनिवार्य कर दिया है। इसमें रियल एस्टेट एजेंट बनने के लिए परीक्षा पास करना अनिवार्य कर दिया गया है। शहर में 1055 से अधिक महिलाएं रियल एस्टेट क्षेत्र में बतौर एजेंट काम कर रहीं हैं। हालांकि महारेरा में परीक्षा उत्तीर्ण एजेंट की संख्या करीब 10 हजार है। जबकि 2017 से राज्य भर में करीब 47 हजार रियल एस्टेट एजेंट हैं। इनमें से 13,785 एजेंटों को महारेरा ने नोटिस देकर परीक्षा देने को कहा है।

महिलाओं के लिए चुनौती : रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं का कहना है कि इस क्षेत्र में निस्संदेह चुनौतियां हैं। अधिकांश खरीदार महिला एजेंटों को गंभीरता से नहीं लेते हैं। महिलाओं के लिए एक और चुनौती यह भी है कि इस क्षेत्र में फील्ड वर्क ज्यादा करना होता है, जो महिलाओं के लिए मुश्किल होता है। कभी-कभी देर शाम बैठक होती हैं, साइट दौरा ज्यादातर सप्ताहांत के दौरान होता है। इसलिए बच्चों और परिवार को समय नहीं दे पाती हैं।

2023 में अपनी खुद की फर्म शुरू करने से पहले, मैंने 5 वर्ष तक बतौर एजेंट काम किया और इस दौरान 200 करोड़ रुपए का लेनदेन किया था। लेकिन जब से मैंने अपनी खुद की कंपनी ‘एकाशा’ शुरू की है, हमने पहले ही वर्ष में 100 करोड़ से अधिक का लेनदेन किया है। - बेला शाह, रियल एस्टेट एजेंट, मुंबई

रियल एस्टेट क्षेत्र में महिलाओं का प्रभाव निर्विवाद है। उनकी उपस्थिति रूढ़िवादिता को चुनौती दे रही है। नवाचार को बढ़ावा दे रही है और उद्योग को बेहतरी के लिए नया आकार दे रही है। चुनौतियों पर काबू पाकर, अवसरों का लाभ उठाकर और एक-दूसरे का समर्थन करके, रियल एस्टेट में महिलाएं भविष्य का मार्ग प्रशस्त कर रही हैं। - अक्षा कंबोज, कार्यकारी अध्यक्ष, एस्पेक्ट ग्लोबल वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड


Created On :   23 May 2024 6:19 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story