भूकंप :: पांच दिन में नागपुर में भूकंप का चौथा झटका, प्रशासन ने इसे हल्के में लिया, जनता खौफजदा

पांच दिन में नागपुर में भूकंप का चौथा झटका, प्रशासन ने इसे हल्के में लिया, जनता खौफजदा
  • सिर्फ 12 कि.मी की दूरी पर कापसी खुर्द रहा केंद्र, तीव्रता 2.4 रही
  • जीएसआई नींद में, कहा-रिकार्ड पर नहीं है भूकंप
  • मामला बेहद गंभीर, लेकिन प्रशासन उदासीन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। आसमानी गतिविधियों के बीच बुधवार को भूगर्भीय हलचल भी मापी गई। नागपुर को एक बार फिर भूकंप के झटके का सामना करना पड़ा। तीव्रता 2.4 मापी गई। नागपुर से 12 किलोमीटर की दूरी पर कापसी खुर्द क्षेत्र के पास केंद्र बताया गया। पिछले 120 घंटे में यह चौथा झटका था। पिछले शुक्रवार 3 मई को दोपहर 3 बजे पहला झटका आया था। इसके ठीक 5 दिन बाद बुधवार 8 मई को दोपहर 3.59 मिनट पर चौथा झटका दर्ज किया गया। 4 और 5 मई को भी झटके महसूस किए गए थे।

जिलाधिकारी ने कहा डरें नहीं, सतर्क रहें : नागपुर के करीब आ रहे लगातार झटकों से नागरिक सहम गए हैं। नेशनल सीस्मोलॉजी सेंटर ने इन झटकों की पुष्टि की है। हालांकि जिला प्रशासन ने नागपुर जोन को सुरक्षित बताते हुए कहा है कि डरने जैसी कोई बात नहीं है। घबराए नहीं, सतर्कता बरतें। दूसरी तरफ, जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (जीएसआई) ने बुधवार को आए भूकंप के झटकों से साफ इनकार कर दिया। एक अधिकारी ने कहा कि यह रिकार्ड पर नहीं आया है। भूकंप जैसी कोई जानकारी नहीं है।

मार्च में 9 झटके महसूस किए गए, अध्ययन होगा : मार्च व मई महीने में हल्के भूकंप के झटके दर्ज होने के कारण नागपुर जिले की सूक्ष्म भूकंप जांच-पड़ताल व अध्ययन करने के लिए भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण विभाग को निवेदन किया गया है। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र पोर्टल पर नागपुर जिले में मार्च महीने से कुल 9 भूकंप और पिछले अक्टूबर महीने में 2 भूकंप दर्ज िकए गए है। इस भूकंप की तीव्रता अत्यंत कम 2 से 2.8 रिक्टर स्केल में है, जिस कारण भूकंप के झटके नागरिकों को महसूस नहीं हुए। इस भूकंप के कारण कोई हानि नहीं हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि भूकंप प्रवणता अनुसार भारत को 4 भूकंप क्षेत्र में वर्गीकृत किया गया है। सिसमिक जोन II, III, IV व V ऐसा वर्गीकरण है। नागपुर जिले को जोन-।। भूकंप क्षेत्र में रखा गया है। यह जोन सबसे कम सक्रिय क्षेत्र का माना जाता है। इसलिए भूकंप की दृष्टि से अन्य जोन की तुलना में सुरक्षित जोन के रूप में पहचाना जाता है।

नागपुर पूरी तरह सुरक्षित नागरिक घबराएं नहीं : जिलाधिकारी डॉ. विपिन इटनकर ने कहा कि भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण विभाग अनुसार ताजा झटका अत्यंत हल्के प्रकार का है। इससे कोई हानि नहीं, इसलिए नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं है। सावधानी के तौर पर थोड़ी सतर्कता बरतें। अधिक जानकारी के लिए जिला आपत्ति व्यवस्थापन विभाग से 0712-2562668 पर संपर्क साधने का आह्वान जिला प्रशासन ने किया है।

अफवाहें भी, अलग-अलग दावे किए जाते रहें : बुधवार को नागपुर के पास अचानक भूकंप की खबर मिलने से लोगों में बेचैनी देखी गई। दोपहर 3.59 बजे यह दर्ज किया गया। विशेष यह कि इसी दौरान गुजरात के जूनागढ़ क्षेत्र में रिक्टर स्केल पर 3.7 क्षमता की तीव्रता के दो भूकंप के झटके दर्ज किए गए। नागपुर भूकंप से सबसे सुरक्षित माना जाता है। फिर भी लगातार चौथा झटका आने से अब अनेक सवाल उठाए जा रहे हैं। सभी झटके दोपहर 2 से 4 बजे के बीच दर्ज किए गए। शहर से 40 कि.मी दायरे के भीतर यह महसूस किए गए। बुधवार को तो शहर की सीमा पर ही झटका लगा है। इस बीच अफवाहों का भी बाजार गर्म रहा। कई लोगों ने अपने घरों के बर्तन बजने का भी दावा किया।

Created On :   9 May 2024 6:20 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story