निशाना: बावनकुले ने कहा - फडणवीस का अपमान बर्दाश्त नहीं, जरांगे की स्क्रिप्ट के पीछे कौन

  • गंभीर आरोपों के बाद भाजपा आक्रामक
  • फडणवीस का अपमान बर्दाश्त नहीं
  • बावनकुले ने साधा निशाना

Tejinder Singh
Update: 2024-02-26 15:01 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर. मराठा नेता मनोज जरांगे पाटील द्वारा उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद भाजपा आक्रामक हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने पलटवार करते हुए कहा कि जरांगे पाटील ने जिस भाषा का उपयोग किया है, वह महाराष्ट्र व भाजपा सहन नहीं करेगी। फडणवीस पर लगाए गए आरोप यानी सुसंस्कृत महाराष्ट्र पर लगा धब्बा है। जरांगे पाटील की इस स्क्रिप्ट के पीछे कौन है, यह सवाल भी उन्होंने उपस्थित किया।

फडणवीस सुसंस्कृत और संयमी नेता : नागपुर में पत्रकारों से बात करते हुए बावनकुले ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस सुसंस्कृत और संयमी नेता हैं। उन्होंने कभी जात-पात की राजनीति नहीं की है। मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने मराठा समाज को आरक्षण दिया और उसे उच्च न्यायालय में भी टिकाया। मनोज जरांगे सही-सलामत रहें, इसके लिए उन्हें सुरक्षा देने का काम भी फडणवीस ने किया। उनके जैसे निष्कलंक व्यक्ति पर आरोप करना यह महाराष्ट्र के लिए बुरे दिन हैं।

अपमान हम सहन नहीं करेंगे : बावनकुले ने कहा कि जरांगे सागर बंगले पर जा रहा है, इसमें फडणवीस की क्या गलती है। जिन्होंने 40 साल मराठा समाज को आरक्षण से वंचित रखा, जिन्होंने सर्वोच्च न्यायालय में आरक्षण टिकने नहीं दिया, ऐसे शरद पवार व उद्धव ठाकरे के बंगले पर जाकर सवाल पूछना चाहिए। फडणवीस पर किया गया आरोप मराठा समाज को भी मान्य नहीं है और महाराष्ट्र की जनता को भी मान्य नहीं है। फडणवीस हमारा नेतृत्व है। उनका अपमान हम सहन नहीं करेंगे।

छोटे दलों को समाप्त करने के बयान पर दिया स्पष्टीकरण : शनिवार को भाजपा की बैठक में चंद्रशेखर बावनकुले ने छोटे दलों के कार्यकर्ताओं को भाजपा में शामिल कर उन्हें खाली करने के बयान पर रविवार को स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने कहा कि जो छोटे दल भाजपा को साथ देने उत्सुक हैं, उन्हें साथ में लेने मार्गदर्शन किया था। इस बयान का गलत अर्थ निकालकर खबरें चलाई गईं। ऐसे अखबारों को कानूनी नोटिस देने की चेतावनी दी है।

Tags:    

Similar News