फ्रॉड: लालच में गंवाई मोटी रकम, सस्ता सोना खरीदने के चक्कर में 15.50 लाख रुपए की ठगी

लालच में गंवाई मोटी रकम, सस्ता सोना खरीदने के चक्कर में 15.50 लाख रुपए की ठगी
  • 60 लाख का सोना 20 लाख में दिलाने का दिया लालच
  • 5 बार आरोपी आया था शिकायतकर्ता के घर
  • सीताबर्डी थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सस्ता सोना खरीदी के चक्कर में एक व्यक्ति को आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर करीब 15 लाख 50 हजार रुपए की चपत लगा दी। पीड़ित मनोज गुप्ता की शिकायत पर सीताबर्डी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोपी ने पीड़िता को 60 लाख का सोना 20 लाख में दिलाने का लालच दिया था। पीड़ित के घर में जब भी आरोपी आता था, तो कभी दूध, तो कभी चावल लेकर आता था।

क्या है मामला : पुलिस के अनुसार प्लॉट नंबर 49 रामदासपेठ निवासी मनोज बिहारीलाल गुप्ता (52) ने सीताबर्डी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह मां, पत्नी व बच्चों के साथ रहते हैं। 3 माह पहले मनोज के मोबाइल पर अजीत चौधरी नामक 55 वर्षीय व्यक्ति ने फोन किया। उसने मनोज से कहा कि ‘मैं तुम्हारे पिताजी को 25 साल पहले से जानता था, मेरा भैंस बेचने का काम था, मुझे पता चला कि उनका देहांत हो गया और दुकान बंद कर दी, तुम्हारी मां मेरी बहन समान है, मैं नागपुर आने पर उनसे मिलूंगा’। आरोपी ने मनोज को 18 दिसंबर 2023 को दोबारा फोन कर नागपुर आने की जानकारी दी। मनोज उसे सीताबर्डी में पुरानी दुकान के पास सीताबर्डी से उसे घर लेकर गया।

65 वर्षीय चाचा को लेकर आया : आरोपी ने मनोज की मां के साथ उनके हरियाणा स्थित गांव बाबत बातचीत करते हुए कहा कि वह उनके गांव के बगल वाले गांव में रहता है। इसके बाद अजीत चौधरी बातचीत करके चला गया। अजीत चौधरी मनोज गुप्ता के घर में 4-5 बार आया। वह मनोज के घर में जब भी आता था, तो कभी दूध, तो कभी चावल लेकर आता था। एक दिन चौधरी अपने साथ अपने 65 वर्षीय चाचा को लेकर मनोज के घर गया। मनोज को उन्होंने बताया कि उनके गांव में एक विधवा महिला के पास सोने की मिट्टी है, जिससे सोना बनता है। विधवा को बेटी की शादी के लिए पैसे की जरूरत है। चौधरी ने मनोज से उस विधवा की मदद करने की बात की।

स्वर्णकार के पास जांच कराने के लिए ले गया : 4 फरवरी 2024 को चौधरी अपने चाचा और 45 वर्षीय उस विधवा महिला को लेकर मनोज के घर पहुंचा। आरोपियों ने मनोज को सोने की मिट्टी दी। मनोज ने उस मिट्टी को स्वर्णकार के पास चेक किया, तो उसमें 2 ग्राम सोना निकला। आरोपी मनोज को 60 लाख रुपए का सोना 20 लाख में देने को तैयार हुए। वे मनोज को पैसे का इंतजाम करने के लिए कहकर चले गए। 20 फरवरी को चौधरी ने मनोज को फोन कर बताया कि विधवा महिला अपने भाई के साथ नागपुर आई है। दोपहर में चौधरी, उसका चाचा, महिला का भाई रामदासपेठ में मनोज के घर पहुंचे। आरोपियों ने मिट्टी से गैस पर 20 ग्राम सोना बनाकर दिखाया। मनोज ने मिट्टी से तैयार सोने को इतवारी में चेक किया, तो वह 23 कॅरेट का निकला। उसके बाद मनोज ने आरोपियों को करीब 15 लाख 50 हजार रुपए दे दिया।

ठगी का नया तरीका : आरोपियों ने मनोज से कहा कि विधवा महिला के पास सोने की मिट्टी और है, वह लाकर देते हैं। यह कहकर तीनों आरोपी वहां से चले गए। काफी समय बीत जाने के बाद जब मनोज ने उनको फोन लगाया, तो उनका नंबर बंद था। आरोपियों ने मनोज को सस्ता सोना देने का लालच देकर उसे 15.50 लाख की चपत लगाकर फरार हो गए। मनोज गुप्ता की शिकायत पर सीताबर्डी थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक बेडवाल ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Created On :   9 May 2024 9:07 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story