नागपुर: फिर भूकंप के हल्के झटके जिले में कुही के पास रहा केंद्र, हीट वेव का भी बढ़ा खतरा

  • भूकंप के हल्के झटके महसूस किए
  • दोपहर 2 बजकर 24 मिनट पर आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.4 दर्ज
  • हीट वेव का खतरा - 24 घंटे में और एक डिग्री बढ़ा तापमान

Tejinder Singh
Update: 2024-05-05 11:08 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर. जिले में शनिवार को फिर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। दोपहर 2 बजकर 24 मिनट पर आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.4 दर्ज की गई। शुक्रवार व शनिवार लगातार दो दिन झटके आने से चर्चा बनी हुई है। भूकंप का केंद्र जिले के कुही तहसील में म्हालगी के पास 5 किमी नीचे गहराई में आंकी गई। कोलकाता स्थित भारतीय भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण का मुख्यालय शुक्रवार व शनिवार को नागपुर में आए भूकंप के डेटा प्रोसेस का काम कर रहा है। डेटा प्रोसेस के बाद ही इसका विवरण जारी किया जाएगा। विशेषज्ञों के अनुसार, नागपुर व विदर्भ में इस तरह के हल्के झटके आते रहते हैं। इससे किसी तरह के नुकसान का खतरा नहीं रहता है। घबराने की कोई जरूरत नहीं है। भूकंप के हल्के झटके से दीवारों में दरारें पड़ने की संभावना नहीं रहती।

हीट वेव का खतरा - 24 घंटे में और एक डिग्री बढ़ा तापमान

वहीं नागपुर समेत विदर्भ को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। उत्तर-पश्चिम से आ रही शुष्क हवा के कारण वातावरण गर्म हो गया है। तपिश अगले कुछ दिन तक जारी रहेगी। चिलचिलाती धूप में लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। शनिवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम से आ रही गर्म हवा के कारण तापमान बढ़ रहा है। आसमान साफ रहने से तेज धूप पड़ रही है। अगले दो दिन तक तापमान बढ़ने के साथ ही हीव वेव का खतरा बना हुआ है। चौबीस घंटे में अधिकतम तापमान में एक डिग्री की वृद्धि हुई है। दो दिन बाद मौसम का मिजाज बदल सकता हैै। गर्मी के चलते ज्यादा से ज्यादा पानी पीने और धूप में निकलते समय सिर ढंकने की सलाह दी गई है।

अकोला दूसरे दिन भी सबसे गर्म

शनिवार को विदर्भ में अकोला सबसे गर्म रहा। अकोला का अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार को भी अकोला विदर्भ में सबसे गर्म था। गर्मी के मामले में अकोला ने चंद्रपुर को भी पछाड़ दिया है।


Tags:    

Similar News