नागपुर: बेमौसम बारिश, उमस भरी गर्मी, तड़के बारिश, तेज हवा, दोपहर में गर्म लपटें

  • समझ में नहीं आ रहा मौसम का मिजाज
  • उमस भरी गर्मी, तड़के बारिश

Tejinder Singh
Update: 2024-04-29 11:44 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर. मौसम का हाल मौसम विभाग को भी नहीं समझ में आ रहा है। गर्मी के दिनों में बारिश हो रही है और बारिश के बाद दिन में जबर्दस्त गर्मी पड़ रही हैै। एक ही दिन में बारिश व चिलचिलाती धूप की स्थिति देखने को मिल रही है। रविवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

कारण अलग अलग दिशा से आ रही हवा

मौसम विभाग के अनुसार, अलग-अलग दिशा से आ रही हवा के कारण मौसम का मिजाज बदला-बदला है। कभी बेमौसम बारिश तो कभी तेज धूप से गर्मी पड़ रही है। रविवार सुबह तेज हवा के साथ हुई बारिश के बाद वातावरण ठंडा-ठंडा हो गया। मार्निंग वॉक को निकले लोगों को बारिश के कारण वापस लौटना पड़ा।

गर्मी में मानसून का एहसास हुआ और ठंडी हवा के झोंके महसूस हुए। दोपहर बाद तेज धूप से गर्मी परवान चढ़ी। लोग गर्मी से परेशान होते रहे। तेज धूप के कारण जमीन गर्म हो गई और शाम को जमीन से गर्म लपटें निकलने लगीं।

तेज हवा के साथ गरज-चमक की संभावना : मौसम विभाग के अनुसार मौसम कैसा रहेगा, इसका सटीक आकलन करना मुश्किल हो गया है। हवा जिस तरह से अपना रुख बदल रही है, वैसे मौसम का मिजाज बदल रहा है।

सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। तेज धूप पड़ेगी और तापमान में इजाफा हो सकता है। तेज हवा के साथ गरज-चमक की संभावना है। गर्मी परेशान कर सकती है।



Tags:    

Similar News