सरकारी रिकॉर्ड में नाम रजिस्टर्ड करने मांगी 1 लाख की रिश्वत, पकड़ाया भूमापन अधिकारी

सरकारी रिकॉर्ड में नाम रजिस्टर्ड करने मांगी 1 लाख की रिश्वत, पकड़ाया भूमापन अधिकारी

Anita Peddulwar
Update: 2019-11-15 05:26 GMT
सरकारी रिकॉर्ड में नाम रजिस्टर्ड करने मांगी 1 लाख की रिश्वत, पकड़ाया भूमापन अधिकारी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बापू नगर में प्लॉट की जगह एक संस्था के नाम पर सरकारी रिकॉर्ड में पंजीबद्ध करने के लिए एक लाख की रिश्वत मांगने वाले भूमि अभिलेख विभाग के नगर भूमापन अधिकारी को एसीबी ने धर-दबोचा। गिरफ्तार आरोपी का नाम आश्रय मधुकर जोशी  (40) है। बताया जाता है कि आरोपी आश्रय जोशी सक्करदरा के पास रिश्वत की रकम लेने पहुंचा था, लेकिन उसे संदेह हो गया, जिससे वह बिना रिश्वत लिए ही वहां से चला गया। 

पुलिस सूत्रों के अनुसार भांडे प्लॉट चौक निवासी शिकायतकर्ता की  बापूनगर में पैतृक प्लॉट नंबर 114 था। यह प्लॉट 2693.47 वर्गफीट था। इसमें से 894.47 फीट जमीन का विवाद न्यायालय में शुरू था।  न्यायालय से पीड़ित (शिकायतकर्ता)  के पक्ष में निर्णय आया था। अतिरिक्त जगह के लिए पैसे की लेन-देन 1990 में बापूनगर गृहनिर्माण सहकारी संस्था के साथ हुई थी। न्यायालय के आदेश के बाद शिकायतकर्ता ने 894.47 वर्गफीट जगह बापूनगर में समाविष्ट करने के लिए भूमि अभिलेख विभाग के नगर भूमापन अधिकारी क्र. 2 के पास आवेदन किया था। इस आवेदन पर क्या निर्णय हुआ, इस बारे में जानकारी लेने के लिए शिकायतकर्ता ने आश्रय जोशी से मुलाकात की। उस समय जोशी ने शिकायतकर्ता से एक लाख रुपए की मांग की। 

शिकायतकर्ता ने आश्रय जोशी के बारे में एसीबी कार्यालय में शिकायत कर दी। एसीबी के अधिकारियों ने इस मामले की जांच की। उसके बाद एसीबी के ध्यान में यह बात आ गई कि आश्रय जोशी रिश्वत  लेने की तैयारी में है। उसे रंगे हाथ पकड़ने के लिए एसीबी ने सक्करदरा   स्थित क्रिकेट मैदान रकम देने के लिए बुलाया। 8 नवंबर को वह रकम लेने गया था, लेकिन उसे संदेह हो गया, उसने रकम नहीं ली। वह वापस लौट गया। उसके बाद जोशी चार- पांच दिनों तक गायब था।   गुरुवार को जोशी कार्यालय में पहुंचा। तभी एसीबी ने उसे धर-दबोचा। इस प्रकरण में आरोपी आश्रय जोशी के खिलाफ सक्करदरा थाने में मामला दर्ज किया गया। सक्करदरा पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

 

Tags:    

Similar News