सिंगरौली में 5 दिन का टोटल लॉकडाउन - कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों से चर्चा के बाद लिया निर्णय

 सिंगरौली में 5 दिन का टोटल लॉकडाउन - कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों से चर्चा के बाद लिया निर्णय

Bhaskar Hindi
Update: 2020-07-29 13:25 GMT
 सिंगरौली में 5 दिन का टोटल लॉकडाउन - कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों से चर्चा के बाद लिया निर्णय

डिजिटल डेस्क  सिंगरौली (वैढऩ)। जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण का तेजी से प्रसार बढ़ रहा है। जिसके कारण आपदा प्रबंधन समिति की सहमति से कलेक्टर ने लगातार 5 दिन तक के लिये टोटल लॉकडाउन का आदेश जारी किया है। जिला मजिस्ट्रेट द्वारा किये गये आदेश के मुताबिक 30 जुलाई की रात 8 बजे के बाद टोटल लॉकडाउन प्रभावशील हो जायेगा और 5 अगस्त की सुबह 5 बजे तक प्रभावशील रहेगा। यानी कुल 5 दिनों के लिये लॉकडाउन लगाया जा रहा है। इस दौरान जिले की सीमाओं को सील कर दिया जायेगा। टोटल लॉकडाउन के दौरान केवल अति आवश्यक सेवाएं बहाल रहेंगी। जिले में 30 जुलाई के बाद आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित हो जायेगा। उन्होंने बताया कि टोटल लॉकडाउन के दौरान बाहर से आने वाले लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित किया जायेगा। हालांकि कोई भी व्यक्ति यदि जिले की सीमा में आता है और वह यहां का निवासी है तो उसे कोविड सेंटर में रखा जायेगा। इस दौरान आमलोगों के बाहर निकलने पर भी पाबंदी लगाई गई है। 
सिर्फ इमरजेंसी सेवाएं रहेंगी बहाल
आपदा प्रबंधन समिति ने सांसद रीति पाठक, तीनों विधायक रामलल्लू वैश्य, सुभाष वर्मा और अमर सिंह, एसपी बीरेन्द्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष बीरेन्द्र गोयल की सहमति पर कलेक्टर टोटल लॉकडाउन का आदेश जारी किया है। कलेक्टर ने आदेश में केवल इमरजेंसी सेवाओं को बहाल किया है। टोटल लॉकडाउन में बेवजह लोगों के तफरी करते हुये पाये जाने पर पुलिस और प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। कलेक्टर ने बताया कि टोटल लॉकडाउन के दौरान जिले में सभी दुकानें बंद रहेंगी। इसके साथ सामूहिक लोगों के जमावड़े पर भी रोक लगाई गई है। उन्होंने बताया कि मेडिकल स्टोर, दूध डेरी और सब्जी की दुकानों के खुलने के लिये समय निर्धारित किया गया है।
पर्वों के चलते लगाया लॉकडाउन
जिला प्रशासन ने लॉकडाउन लगाने की पीछे अपनी मंशा कोरोना का प्रसार रोकना बताया है। लेकिन असल मंशा इन पांच दिनों में पडऩे वाले पर्वों के दौरान लोगों को एक दूसरे से मिलने से रोकना है। 1 अगस्त को बकरीद है और 3 अगस्त को रक्षा बंधन है। बकरीद शनिवार को पड़ रही है, इसलिये उस दिन तो लॉकडाउन रहता ही है। रक्षा बंधन सोमवार को पड़ रहा है, इसीलिये सोमवार को भी लॉकडाउन लगाया गया है। ताकि लोग पर्वों के बहाने अपने परिचितों या परिजनों से मेल-मुलाकात न करने जायें। क्योंकि इससे भी कोरोना का संक्रमण बढऩे का खतरा है।  
 

Tags:    

Similar News