बिहार: सीमा पर नेपाल पुलिस ने की फायरिंग, एक भारतीय की मौत, 3 घायल

बिहार: सीमा पर नेपाल पुलिस ने की फायरिंग, एक भारतीय की मौत, 3 घायल

Bhaskar Hindi
Update: 2020-06-12 09:06 GMT
बिहार: सीमा पर नेपाल पुलिस ने की फायरिंग, एक भारतीय की मौत, 3 घायल

डिजिटल डेस्क, सीतामढ़ी। भारत-नेपाल के बीच जारी तनाव के दौरान शुक्रवार को बिहार में सीमा पर अंधाधुंध गोलीबारी की गई। सीतामढ़ी जिले के सोनबरसा थाना क्षेत्र में जानकीनगर बॉर्डर पर नेपाल के सुरक्षाकर्मियों द्वारा की गई फायरिंग में एक भारतीय की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं एक भारतीय व्यक्ति को हिरासत में भी ले लिया गया है।

डीजी शस्त्र सीमा बल (एसएसबी) कुमार राजेश चंद्रा ने कहा, शुक्रवार सुबह करीब 8.40 बजे एक परिवार नेपाल जा रहा था। उन्हें नेपाली सुरक्षाकर्मियों ने बॉर्डर पर रोक दिया और वापस जाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर बहस हुई। नेपाल के सुरक्षाकर्मियों ने करीब 15 राउंड फायरिंग की, जिसमें 3 लोग घायल हो गए और एक की मौत हो गई। नेपाली सुरक्षाकर्मियों ने एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया, हम उनके साथ बातचीत कर रहे हैं ताकि वे उसे रिहा कर दें और मामला आगे न बढ़े। सबकुछ नेपाल में हुआ भारत में नहीं।

मृतक का नाम डिकेश कुमार (उम्र 25 वर्ष) है। उमेश राम और उदय ठाकुर समेत तीन लोग गोली लगने से घायल हुए। दोनों को इलाज के लिए सीतामढ़ी रेफर किया गया है। सूत्रों के मुताबिक घटना के बाद से सीमा पर तनाव और बढ़ गया है। सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने कहा, घटनास्थल पर पुलिस पहुंची पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। 

बता दें कि, पिछले कुछ समय से भारत-नेपाल के बीच बॉर्डर को लेकर विवाद चल रहा है। यह विवाद कालापानी और लिपुलेख को लेकर है। नवंबर 2019 में भारत के गृह मंत्रालय द्वारा जारी किए गए एक नए नक्शे में कालापानी क्षेत्र को शामिल किया गया था। इस पर नेपाल अपना दावा करता रहा है।

 

 

Tags:    

Similar News