भाजपा कर रही वोट की राजनीति, भाजयुमो के प्रदेश कार्य समिति सदस्य ने दिया इस्तीफा

भाजपा कर रही वोट की राजनीति, भाजयुमो के प्रदेश कार्य समिति सदस्य ने दिया इस्तीफा

Bhaskar Hindi
Update: 2018-09-12 08:23 GMT
भाजपा कर रही वोट की राजनीति, भाजयुमो के प्रदेश कार्य समिति सदस्य ने दिया इस्तीफा

डिजिटल डेस्क, सिंगरौली (वैढ़न)। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी और पं. दीनदयाल के उसूलों को भूल कर भाजपा वोट दयाल पार्टी हो गई है। मंगलवार को पत्रकारों से चर्चा के दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्य समिति के सदस्य विनोद चौबे ने अपने पद से इस्तीफा देते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेताओं पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने कहाकि मोदी सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश को बदलकर वोट की राजनीति शुरू कर दी है। ऐसे में पार्टी के अंदर उनका दम घुट रहा था। सपाक्स समाज की सदस्यता ग्रहण करने के बाद श्री चौबे ने कहाकि आरक्षण पर मौजूदा राजनीति जनता के विपरीत है। इससे देश के लोगों के मौलिक अधिकारों का हनन हो रहा है। मोदी सरकार भाजपा की विचारधारा को भूल कर एससी-एसटी एक्ट के रास्ते अवसरवादिता का लाभ लेने का काम किया है।

सपाक्स समाज में शामिल होने के बाद श्री चौबे ने सिहावल से विधानसभा से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सपाक्स समाज विधानसभा चुनाव में सिहावल की पहली जीत दर्ज करेगा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के अच्छे दिन के इंतजार में पार्टी नहीं छोड़ी थी, लेकिन अच्छे दिन की जगह काला कानून जरूर लागू कर दिया है। इससे देश की जनता में भय का वातावरण बन गया है। उन्होंने कहाकि भाजपा नेता पार्टी की विचारधारा को त्याग कर स्वार्थ सिद्ध करने में जुट गए हैं।

संरक्षक के हाथों ली सदस्यता
भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से जिलाध्यक्ष को इस्तीफा सौंपते हुए श्री चौबे ने सपाक्स समाज के संरक्षक रोहणी प्रसाद त्रिपाठी, जीतेन्द्र द्विवेदी और अध्यक्ष भास्कर मिश्रा के हाथों सामान्य पिछड़ा अल्पसंख्यक कल्याण समाज संस्था की सदस्यता ली है। इस दौरान उनके समर्थक कसर के प्रदीप साहू, लालपती रजक, सराजुद्दीन देवसर, उपेन्द्र शुक्ला गड़हरा और राजीव चौबे देवसर भी सपाक्स में शामिल हुए हैं।

रोहणी संरक्षक और भास्कर बने अध्यक्ष
सपाक्स समाज के प्रदेश सचिव ने सिंगरौली जिले में कार्यकारिणी घोषित करते हुए पूर्व संयुक्त कलेक्टर रोहणी प्रसाद त्रिपाठी को जिलाध्यक्ष मनोनीत किया है। इसके साथ ही राजाराम गुप्ता, जीतेन्द्र द्विवेदी को भी संरक्षक बनाया गया है। जबकि जिला उपाध्यक्ष के पद पर बबुआराम यादव, मोहम्मद मोबिन खान, अधिवक्ता बीपी सिंह को नियुक्त किया है। जिला सचिव का आरआर तिवारी को दायित्व सौंपा गया है।

 

Similar News