सोयाबीन निकालते समय मशीन में फंसे दोनों पैर, भाईदूज पर बहन से मिलने था आया

दर्दनाक हादसा सोयाबीन निकालते समय मशीन में फंसे दोनों पैर, भाईदूज पर बहन से मिलने था आया

Tejinder Singh
Update: 2022-10-29 16:12 GMT
सोयाबीन निकालते समय मशीन में फंसे दोनों पैर, भाईदूज पर बहन से मिलने था आया

डिजिटल डेस्क, महागांव/दारव्हा. सोयाबीन निकालने की मशीन में दोनों पैर फंसने से किसी काम के नहीं रहे। घटना बहन के गांव में आए भाई के साथ भाईदूज के दूसरे दिन घटने से बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित व्यक्ति का नाम राजेंद्र फुसांडे (40) निवासी मांगकिनी तहसील दारव्हा बताया गया है। घटना महागांव तहसील हिवरा संगम गांव में घटी। गांव में राजेंद्र की बहन रहती है। वे बहन के यहां सोयाबीन निकालने के लिए मशीन लेकर आए थे। बहन के यहां का सोयाबीन निकल जाने पर गांव के अन्य किसानों का सोयाबीन निकालकर दे रहे थे। इस समय उनके साथ कुछ मजदूर भी थे। सोयाबीन निकालकर डालने के लिए एक ताडपत्री बिछाई गई थी। उसी ताडपत्री पर वह बैठे थे, लेकिन मजदूरों की गलती से इस ताडपत्री का एक छोर मशीन में चला गया। देखते ही देखते ताडपत्री मशीन में चली गई। इस समय आराम से बैठे राजेंद्र सतर्क नहीं थे। ताडपत्री के साथ उनके दोनों पैर भी सोयाबीन मशीन में चले गए। जिसमें दोनों पैर मशीन में पिस गए। जैसे-तैसे उनके पैर खींचकर निकाला गया। पहले महागांव के ग्रामीण अस्पताल, उसके बाद यवतमाल जिला अस्पताल में दाखिल किया गया। यहां से उन्हें सावंगी मेघे अस्पताल भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने बताया कि, उनके दोनों पैर खराब हो चुके हैं। अब वे उनका उपयोग नहीं कर पाएंगे।

 

Tags: