रैली में बच्चों ने दिया पर्यावरण बचाने का संदेश, स्वास्थ्य उपवन में पौधों का वितरण
पर्यावरण दिवस रैली में बच्चों ने दिया पर्यावरण बचाने का संदेश, स्वास्थ्य उपवन में पौधों का वितरण
डिजिटल डेस्क, कामठी/कन्हान. गायत्री परिवार द्वारा संचालित गायत्री स्वास्थ्य उपवन में रविवार को विश्व पर्यावरण दिवस पर सुबह 7 बजे बाल संस्कार शाला के बच्चों द्वारा पर्यावरण के प्रति जागरूक करने वाले स्लोगन बोलते हुए प्रभात फेरी निकाली गई। ध्यान केंद्र से निकली रैली में उपवन में उपस्थित नागरिक भी शामिल हुए। ‘आओ मिलकर पेड़ लगाएं, हरा भरा निज देश बनाएं’, ‘तुलसी लगाएं, प्रदूषण घटाएं’ जैसे अनेक नारे लगाए गए। करीब 15 स्कूलों के बच्चों ने पर्यावरण बचाओ पर गीत नाटिका पेश की। पर्यावरण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में 101 तुलसी, 11 एलोवेरा, 11 गिलोय आयुर्वेदिक महत्व के पौधे नागरिकों को नि:शुल्क वितरित किए गए। अंत में सभी से अपने जीवनकाल में 3 पेड़ लगाने का संकल्प लिया। बाल संस्कार शाला के बच्चों ने गायत्री स्वास्थ्य उपवन के मुख्य पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर 1 माह तक उनकी देखरेख करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी गायत्री परिजनों ने सहयोग किया।
लोक विहार में किया पौधारोपण
पर्यावरण दिवस पर भिलगांव स्थित लोक विहार गार्डन में पौधारोपण किया गया। इससे पहले पूरे गार्डन परिसर की साफ-सफाई की गई। अतिथियों ने पेड़ों का हमारे जीवन में महत्व पर विस्तार से मार्गदर्शन करते हुए सभी ने अपने जीवन में अवश्य पौधोरापण करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में जिप सदस्य मोहन माकड़े, चंदा माकड़े, प्रशांत नायडू, सुचित्रा मेश्राम, दिलीप माथुर, आशा माथुर, सपना बोदिलेवी, वेंकट राव सहित लोक विहार के सभी सदस्य उपस्थित थे।
मौदा पुलिस स्टेशन में लगाए पौधे
उधर मौदा में विश्व पर्यावरण दिवस पर मौदा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक हेमंतकुमार खराबे उनके मार्गदर्शन में मौदा पुलिस स्टेशन परिसर में पौधारोपण किया गया। ‘माझी बाग’ में श्रमदान कर साफ-सफाई कर परिसर को हराभरा व स्वच्छ बनाने सभी ने एक पौधा दत्तक लेकर संरक्षण का जिम्मा लिया। कार्यक्रम में पुलिस स्टेशन के सभी अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।