धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस के लिए छावनी बनी दीक्षाभूमि, चप्पे-चप्पे पर नजर

धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस के लिए छावनी बनी दीक्षाभूमि, चप्पे-चप्पे पर नजर

Anita Peddulwar
Update: 2019-10-07 08:01 GMT
धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस के लिए छावनी बनी दीक्षाभूमि, चप्पे-चप्पे पर नजर

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में दशहरा और धम्मचक्र प्रवर्तन दिन धूमधाम से मनाया जाता है। दीक्षाभूमि पर देश के कोने-कोने से उपासक-उपासिका आते हैं। सुरक्षा की दृष्टि से दीक्षाभूमि परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। यहां पर पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त लगाया गया है। बंदोबस्त की कमान पुलिस आयुक्‍त डॉ. भूषण कुमार उपाध्याय ने खुद संभाल रहे हैं। वे हर पल की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों से लेते रहेंगे। उनके मार्गदर्शन में 10 उपायुक्‍तों को सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा 8 सहायक पुलिस आयुक्‍त, 36 पुलिस निरीक्षक, 118 सहायक पुलिस निरीक्षक, उपनिरीक्षक, 1220 पुलिस कर्मचारी, 200 होमगार्ड, राज्य आरक्षी पुलिस बल के 40 जवान और क्यूआरटी के जवानों को तैनात किया गया है।

दीक्षाभूमि परिसर में 55 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। परिसर की हर पल की खबर के लिए मिनी कंट्रोल रूम तैयार किया गया है। इसके अंदर सीसीटीवी कैमरे की स्क्रीन लगी है। मिनी कंट्रोल रूम में बैठने वाले पुलिस अधिकारी स्क्रीन पर नजर रखेंगे। दीक्षाभूमि की ओर आने वाले चारो मार्ग  पर वॉच टॉवर लगाए गए हैं। यहां से भी पुलिस के जवान नजर रखेंगे। धम्मचक्र प्रवर्तन दिन के अवसर पर दीक्षाभूमि की ओर जाने वाले मार्गों पर यातायात के आवागमन पर पाबंदी रहेगी। 

बम निरोधक दस्ता तैयार 

दीक्षाभूमि परिसर की दो दिनों से बम निरोधक दस्ता और श्वान दस्ता संयुक्त रूप से चप्पे-चप्पे की जांच कर रहा है। कुछ पुलिस के जवान सादे वेश में रहते हुए परिसर की निगरानी करेंगे। 

वाहन पार्किंग व्यवस्था

हिस्लॉप कॉलेज हॉकी मैदान, यशवंत स्टेडियम के सामने मॉरेस कॉलेज मैदान, हडस हाईस्कूल मैदान, आईएमए हॉल, धरमपेठ हाईस्कूल मैदान धरमपेठ कॉमर्स कॉलेज मैदान, इंडियन जिमखाना मैदान, न्यू इंग्लिश हाईस्कूल मैदान, बजाज नगर बास्केटबॉल मैदान, होमगार्ड कार्यालय, परांजपे शाला लक्ष्मी नगर, साइंटिफिक को-ऑपरेटिव सोसाइटी, लक्ष्मीनगर मनपा जोन कार्यालय, एलएडी कॉलेज आदि स्थानों पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है। 

इन रास्तों पर प्रतिबंध

काछीपुरा चौक से  माता कचहरी चौक,  काछीपुरा चौक से  कल्पना बिल्डिंग धरमपेठ,  माता कचहरी चौक से कृपलानी टर्निंग प्वाइंट चौक, माता कचहरी से नीरी रोड टी प्वाइंट, माता कचहरी चौक से लक्ष्मीनगर चौक, काछीपुरा चौक से बजाज नगर चौक, बजाज नगर चौक से लक्ष्मी नगर चौक का मार्ग बंद रखा जाएगा। कार्यक्रम के दौरान किसी भी वाहन के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। 

पुलिस की सहायता करें

दशहरा, नवरात्रोत्सव और धम्मचक्र प्रवर्तन दिन पर शहर में जुलूस नहीं निकाला जा सकेगा। शहर में पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त लगा दिया गया है। शहरवासियों से कानून  व सुव्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस के साथ सहयोग करें।  -डॉ. भूषण कुमार उपाध्याय, पुलिस आयुक्त, शहर नागपुर 


 

Tags:    

Similar News